उत्तराखंड: कैबिनेट बैठक के लिए मुख्यमंत्री और मंत्री पहुंचे टिहरी
बुधवार को होने वाली उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत टिहरी पहुंच गए। उनके साथ पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी पहुंचे। कैबिनेट बैठक 11 बजे टिहरी झील में फ्लोटिंग मरीना में शुरू हो गई।
बुधवार की सुबह करीब नौ बजे मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री हेलीकॉप्टर से टिहरी पहुंचे। जहां से वह कोटो कॉलोनी पहुंचे। जहां उन्होंने 25 से 27 मई तक चलने वाले टिहरी महोत्व को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि टिहरी ही उत्तराखंड का भविष्य है। टिहरी को अंतराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। टिहरी झील से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। आज का दिन टिहरी के लिए ऐतिहासिक है।
राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद पहली बार राजधानी से बाहर कैबिनेट बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक टिहरी झील के किनारे स्थित कोटी कालोनी में फ्लोटिंग मरीना में हो रही है। इसके लिए फ्लोटिंग मरीना को रंग बिरंगे फूलों से सजाया गया है। मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य बोट पर सवार होकर फ्लोटिंग मरीना तक पहुंचे। इसके लिए चार बोटों का विशेष इंतजाम किया गया है।
वित्त और संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत, वन मंत्री हरक सिंह रावत, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्य कार से कोटी कालोनी पहुंचे। मंगलवार को डीएम सोनिका और एसएसपी बिमला गुंज्याल ने कैबिनेट बैठक की तैयारियों का जायजा लिया।
डेढ़ बजे तक बंद रहेगी बोट की सेवा
कोटी कालोनी में कैबिनेट बैठक के दौरान टिहरी झील में संचालित होने वाली व्यावसायिक बोट सेवा सुबह 9 बजे से अपराह्न डेढ़ बजे तक बंद रहेगी। सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। बोट संचालकों के साथ बैठक कर एसडीएम चतर सिंह चौहान ने उन्हें नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।