मानसून की रफ्तार धीमी, दिल्ली को करना होगा इंतजार, कई राज्यों में बारिश तो राजस्थान-महाराष्ट्र में हीटवेव का अलर्ट
Transparent umbrella under rain against water drops splash background. Rainy weather concept.
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में हो रही लगातार बारिश के बीच ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मानसून ने पूरे देश को अपनी चपेट में ले लिया है, लेकिन भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में फिलहाल मानसून नहीं पहुंचा है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली तक मानसून पहुंचने में अभी लगभग दो सप्ताह का समय लग सकता है। वर्तमान में हो रही बारिश पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण है।
आईएमडी के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, बिहार और झारखंड के आसपास बनी हुई है। अगले दो से तीन दिनों में मानसून के इन राज्यों के और अधिक हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।
बिहार और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में पहुंचा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी है। वहीं, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में तेज हवाओं, गरज-चमक और ओलावृष्टि के साथ बारिश का दौर 14 जून तक जारी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान केरल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई।
महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक में बढ़ेगा मानसून का दायरा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों तक पहुंच जाएगा। इसके अलावा ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार के और क्षेत्रों में भी मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है।
इस दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना भी जताई गई है।
कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
इसके अलावा बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान, महाराष्ट्र और तेलंगाना में हीटवेव का खतरा
एक ओर जहां देश के कई हिस्सों में बारिश राहत दे रही है, वहीं राजस्थान, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कुछ क्षेत्रों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के कुछ इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। साथ ही धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है।
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र, विदर्भ और तेलंगाना के कई हिस्सों में भी हीटवेव जैसी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं।
केरल में भारी बारिश का अनुमान
दक्षिण भारत में विशेष रूप से केरल में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
