रेलवे भर्ती में बड़ा बदलाव: अब सभी विभागीय परीक्षाएं होंगी CBT मोड में, 43 हजार से अधिक युवाओं को मिली नौकरी

0
railway-08011-1631581860

नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की भर्ती प्रक्रिया की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, सटीकता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया। रेल मंत्री ने घोषणा की कि अब रेलवे की सभी विभागीय परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। साथ ही टैबलेट आधारित परीक्षा प्रणाली का दायरा भी बढ़ाया जाएगा।

भर्ती प्रक्रिया को बनाया जा रहा अधिक पारदर्शी

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे भर्ती प्रणाली को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में भर्ती प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

वित्त वर्ष 2025-26 में 43,781 उम्मीदवारों को मिली नौकरी

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारतीय रेलवे ने वित्त वर्ष 2025-26 में भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाते हुए 47,084 रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की, जिनमें से 43,781 उम्मीदवारों को नियुक्ति प्रदान की गई।

उन्होंने कहा कि वार्षिक भर्ती कैलेंडर के तहत समयबद्ध तरीके से जारी होने वाली भर्तियों को अभ्यर्थियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

छह प्रमुख श्रेणियों में हुई भर्ती

रेलवे द्वारा जिन प्रमुख श्रेणियों में भर्ती की गई, उनमें शामिल हैं:

पद/श्रेणी पदों की संख्या
असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) 18,799
टेक्नीशियन 14,298
सब-इंस्पेक्टर (SI) 452
कॉन्स्टेबल 4,208
जूनियर इंजीनियर (JE)/DMS/CMA 7,951
पैरामेडिकल स्टाफ 1,376
कुल 47,084

रेल मंत्री के अनुसार सबसे अधिक नियुक्तियां असिस्टेंट लोको पायलट और टेक्नीशियन पदों पर की गई हैं।

15 भाषाओं में आयोजित होती है RRB परीक्षा

रेल मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षा प्रक्रिया देश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक है। यह परीक्षा देशभर के विभिन्न शहरों और परीक्षा केंद्रों पर कई शिफ्टों में आयोजित की जाती है ताकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को शामिल किया जा सके।

विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए RRB परीक्षाएं 15 भारतीय भाषाओं में आयोजित की जाती हैं। इससे दूरदराज और क्षेत्रीय भाषाओं के अभ्यर्थियों को भी समान अवसर प्राप्त होते हैं।

तकनीक के सहारे तेज होगी भर्ती प्रक्रिया

रेल मंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से भर्ती प्रक्रिया को अधिक तेज, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाया जा रहा है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा और टैबलेट आधारित मूल्यांकन प्रणाली से चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा परिणामों की घोषणा भी अधिक तेजी से हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :