May 17, 2024

म्यूजियम से नेहरू का नाम हटाए जाने पर भड़के जयराम रमेश, पीएम मोदी पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी का नाम बदले जाने को लेकर उन्होंने पीएम मोदी की आलोचना की। जयराम रमेश ने कहा कि नेहरू मेमोरियल पुस्तकों और अभिलेखागार का खजाना रहा है।

जयराम रमेश का किया ट्वीट

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक ट्वीट किया और कहा कि संकीर्णता और प्रतिशोध का दूसरा नाम मोदी है। 59 वर्षों से अधिक समय से नेहरू स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय एक वैश्विक बौद्धिक ऐतिहासिक स्थल और पुस्तकों एवं अभिलेखों का ख़ज़ाना घर रहा है। अब से इसे प्रधानमंत्री म्यूजियम और सोसायटी कहा जाएगा। पीएम मोदी भारतीय राष्ट्र-राज्य के शिल्पकार के नाम और विरासत को विकृत करने, नीचा दिखाने और नष्ट करने के लिए क्या नहीं करेंगे। अपनी असुरक्षाओं के बोझ तले दबा एक छोटे कद का व्यक्ति स्वघोषित विश्वगुरु बना फिर रहा है।

गुरुवार को एनएमएमएल सोसाइटी की एक विशेष बैठक के दौरान जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की, जो सोसायटी के उपाध्यक्ष हैं यह निर्णय लिया गया कि नेहरू का नाम अब परिसर से हटा दिया जाएगा। इसे अब प्रधानमंत्री म्यूजियम एंड सोसाइटी के नाम से जाना जाएगा।

जवाहर लाल नेहरू का घर रहा था प्रधानमंत्री संग्राहलय

बता दें कि तीन मूर्ति मार्ग पर बना हुआ प्रधानमंत्री संग्राहलय देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का घर रहा था। भारत के प्रधानमंत्री बनने के बाद से उनके अंतिम सांस लेने तक पंडित जवाहर लाल नेहरू वहीं रहते थे। उनकी मृत्यू के बाद, उनकी यादों को संजोने के लिए बाद की सरकारों ने उस घर को मेमोरियल घोषित कर दिया और उसी घर के अहाते में एक लाइब्रेरी का निर्माण कराया।

 


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com