May 17, 2024

चुफाल की कोताही, प्रदेश भाजपा की फजीहत

– क्या भू-माफिया से था गठजोड, भाजपा मुख्यालय के लिए खरीदी विवादित जमीन
– चुनाव से पहले पेयजल निगम के 50 जेई के प्रमोशन को लेकर भी उठे थे सवाल
भाजपा के वरिष्ठ नेता बिशन सिंह चुफाल के कारण प्रदेश भाजपा की फजीहत हो रही है। मुख्यधारा का मीडिया चुप्पी साधे हुए है, लेकिन सोशल मीडिया पर चुफाल और भाजपा खूब वायरल हो रहे हैं। मामला देहरादून के रिंग रोड पर भाजपा का प्रस्तावित मुख्यालय है। यहां भाजपा मुख्यालय बनना है। इसका शिलान्यास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। धामी सरकार ने आनन-फानन में कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर इसकी भूमि उपयोग बदलाव यानी सीएलयू को भी मंजूरी दे दी। लेकिन अब पता चल रहा है कि यह जमीन तो चाय बागान की सीलिंग की है। भूमाफिया ने या तो चुफाल को ठगा या उसका चुफाल के साथ गठजोड था तो इस भूमि की खरीद-फरोख्त कर दी गयी।
चाय बागान की सीलिंग की जमीन का मामला आरटीआई एक्टिविस्ट विकेश नेगी ने उजागर किया। हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल करने के बाद कोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन की आंखें खुली और इस मामले की जांच की जा रही है। इस बीच यह मामला अब अपर जिला कलक्टर की अदालत में है। यह जमीन भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल ने पार्टी मुख्यालय के लिए खरीदी थी। इस मामले में अदालत ने चुफाल को नोटिस दिये हैं कि 24 जून को भूमि के दस्तावेज लेकर आएं।
चुफाल पर विधानसभा चुनाव 2022 से पहले पेयजल निगम के 50 जेई को प्रमोशन देने में भी अनियमितता के आरोप लगे थे। सूत्रों के मुताबिक इसमें खूब खेल हुआ था। अब मुख्यालय की जमीन मामले में चुफाल ने प्रदेश भाजपा की फजीहत करा दी है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि जिससे जमीन खरीदी जरूरत पड़ी तो पैसे वापस लेंगे। देखते हैं केस क्या मोड़ लेगा।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com