...

भारत की सीमा के पास चीन की बड़ी तैयारी, यारलुंग त्सांगपो नदी पर बना रहा विशाल बांध

0
d57be1e8-5b43-46f5-ab5a-08b4abc5cd1e

अरुणाचल प्रदेश से महज 40-50 किलोमीटर दूर चल रहा निर्माण कार्य, सैटेलाइट तस्वीरों में नदी का बहाव बदलने और बड़े ढांचे तैयार होने के संकेत।

खबर: भारत-चीन सीमा के नजदीक चीन की एक बड़ी जलविद्युत परियोजना तेजी से आकार ले रही है। अरुणाचल प्रदेश के करीब यारलुंग त्सांगपो नदी पर चीन 60 गीगावाट क्षमता वाली मेडोग परियोजना का निर्माण कर रहा है। हालिया सैटेलाइट तस्वीरों के विश्लेषण में बांध स्थल पर निर्माण कार्य तेज होने, आसपास के गांवों को हटाने और नदी का रास्ता मोड़ने की गतिविधियां सामने आई हैं।

इस परियोजना को लेकर भारत की चिंता इसलिए भी बढ़ सकती है, क्योंकि यारलुंग त्सांगपो नदी आगे चलकर भारत में सियांग के नाम से बहती है। रिपोर्ट के अनुसार, चीन की यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश की सीमा से करीब 40 से 50 किलोमीटर दूर है। इसके तहत पांच बिजली उत्पादन केंद्र और लगभग 40 किलोमीटर लंबी सुरंगों का निर्माण किया जाना है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 168 अरब डॉलर बताई गई है।

चीन के इस बांध का असर नदी के निचले इलाकों में पानी के प्रवाह पर पड़ सकता है। इसी चुनौती को देखते हुए भारत ने अरुणाचल प्रदेश में 11,200 मेगावाट क्षमता वाली सियांग अपर मल्टीपर्पज परियोजना प्रस्तावित की है। इसके जलाशय में करीब 9.2 अरब घन मीटर पानी जमा करने की योजना है।

हालांकि, भारत की प्रस्तावित परियोजना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी विरोध सामने आया है। आदि समुदाय के लोगों ने जमीन, विस्थापन और आजीविका से जुड़े मुद्दों पर चिंता जताई है। फिलहाल चीन की परियोजना के निर्माण की गति और नदी के जल प्रवाह पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर क्षेत्र में निगरानी और सतर्कता महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *