पीएम मोदी के बिहार दौरे पर सुरक्षा का बड़ा घेरा, 6500 जवानों की तैनाती; चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
उपशीर्षक: वैशाली में नीतीश सेतु के उद्घाटन और जनसभा को लेकर प्रशासन ने तेज की तैयारियां, 35 डीएसपी और आठ आईपीएस अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी।
बिहार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर वैशाली में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शनिवार को राजापाकर के जाफरपट्टी में प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले वे कच्ची दरगाह-सिक्सलेन पुल का उद्घाटन करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। पूरे आयोजन की निगरानी के लिए 70 कंपनियों के करीब 6,500 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इनके अलावा 35 डीएसपी और आठ आईपीएस अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन और कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी लगातार तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी प्रीता वर्मा खुद सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर रही हैं। प्रधानमंत्री सबसे पहले एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर से राघोपुर पहुंचेंगे। यहां से नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद वे सड़क मार्ग से जनसभा स्थल तक जाएंगे।
एक हजार कैमरों से होगी हर गतिविधि की निगरानी
कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर पुल से लेकर जनसभा स्थल तक निगरानी का मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है। पूरे क्षेत्र में एक हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के जरिए सुरक्षा एजेंसियां आने-जाने वाले लोगों और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखेंगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए 70 एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। हेलीकॉप्टर की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए नीतीश सेतु के पास तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। वहीं, जनसभा स्थल के नजदीक पांच हेलीपैड तैयार किए गए हैं। इनमें तीन प्रधानमंत्री और एयरफोर्स के लिए, जबकि एक-एक हेलीपैड राज्यपाल और मुख्यमंत्री के लिए निर्धारित किया गया है।
एसपीजी ने संभाली कमान, काफिले की गाड़ियां भी पहुंचीं
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर एसपीजी और कमांडो दस्तों ने पहले ही मोर्चा संभाल लिया है। सुरक्षा टीमों ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया है। प्रधानमंत्री के काफिले में इस्तेमाल होने वाली रेंज रोवर, जैमर और एसपीजी की अन्य गाड़ियां भी पहुंच चुकी हैं। इसके अलावा लोगों का अभिवादन करने के लिए विशेष वाहन की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा जांच के दौरान डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर की मदद ली जा रही है। सभा स्थल के साथ-साथ हेलीकॉप्टर उतरने वाले स्थानों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
कई जिलों से बुलाए गए पुलिस अधिकारी
सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों से पुलिस अधिकारियों और जवानों को वैशाली बुलाया गया है। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और सारण समेत कई जिलों के अधिकारी ड्यूटी पर रहेंगे। 35 डीएसपी को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिनमें यातायात और साइबर सुरक्षा से जुड़े अधिकारी भी शामिल हैं। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कार्यक्रम स्थल और उद्घाटन क्षेत्र में एंबुलेंस तथा अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को तैयार रखा गया है। मुख्य सचिव और डीजीपी की मौजूदगी में प्रशासनिक टीमें लगातार मॉक ड्रिल कर व्यवस्थाओं को परख रही हैं। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर वैशाली में सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ गई है। उद्घाटन समारोह से लेकर जनसभा की समाप्ति तक पूरे क्षेत्र पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
