...

गंगा स्नान से लौटते वक्त काल बना ट्रक, ऑटो की टक्कर में महिला की मौत; कई घायल

0
760c9cb8-95f8-4fc4-ac1f-8de325e6872b

भोजपुर के आरा-छपरा हाईवे पर हुआ हादसा, सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ा महिलाओं से भरा ऑटो। घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती।

बिहार के भोजपुर में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गंगा स्नान कर घर लौट रही महिलाओं से भरा ऑटो कोईलवर थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया। आरा-छपरा हाईवे पर जमालपुर ग्रामीण बैंक के पास ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। इस दुर्घटना में एक महिला की जान चली गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक महिलाएं घायल हो गईं।

हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान 45 वर्षीय बुजान देवी के रूप में हुई है। वह करजा, फरहंगपुर की निवासी थीं। मिली जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं बबुरा में गंगा स्नान करने के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में जमालपुर ग्रामीण बैंक के नजदीक अचानक ऑटो अनियंत्रित हो गया और खड़े ट्रक से जा भिड़ा।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

एक महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस यात्रा से महिलाएं गंगा स्नान कर घर लौट रही थीं, वह रास्ते में ही दर्दनाक हादसे में बदल गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *