🚨 Alert! आधार कार्ड देकर सिम ले रहे हैं तो हो जाएं सतर्क – पाकिस्तान तक पहुंच रहे फर्जी सिम कार्ड अमृतसर में बड़ा खुलासा: फोटो बदलकर गरीबों के दस्तावेजों से सैकड़ों सिम बेचे, जासूसी में हो रहा इस्तेमाल
अमृतसर : अगर आप नया मोबाइल सिम कार्ड खरीदने के लिए अपना आधार कार्ड दे रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए चौंकाने वाली हो सकती है। अमृतसर में चल रहे एक बड़े साइबर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है, जहां कुछ शातिर दुकानदार, खासकर लोकल PCO मालिक, लोगों के आधार कार्ड की फोटो बदलकर फर्जी पहचान तैयार कर रहे हैं और इन पहचान पर सैकड़ों सिम कार्ड बेच रहे हैं।
जांच में सामने आया है कि ये फर्जी सिम कार्ड पाकिस्तान तक भेजे जा रहे हैं, जहां इनका इस्तेमाल भारतीय सेना की जासूसी के लिए किया जा रहा है। इस गोरखधंधे में गरीब और अनपढ़ लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
📍 असली पहचान पर खतरा, बेगुनाहों पर कार्रवाई
कटरा भाई संत सिंह चौक की एक दुकान अनिल एस.टी.डी. PCO के खिलाफ जांच चल रही है, जिसने एक गरीब परिवार के दस्तावेजों से फोटो बदलकर कई सिम बेच डाले। पीड़ित को तब पता चला जब पुलिस पूछताछ के लिए पहुंची। PCO मालिक न केवल आरोपों से मुकरा बल्कि पीड़ित परिवार को धमकियां भी देने लगा।
साइबर क्राइम और खुफिया एजेंसियों के लिए यह बड़ी चुनौती बन चुका है क्योंकि फर्जी सिम कार्डों का गलत इस्तेमाल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन रहा है।
