एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा का हुआ सफल आयोजन
श्रीनगर (गढ़वाल)। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा सिविल सर्विस की प्रारंभिक परीक्षा के लिए चयनित हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में 5 जून को परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। पिछले एक वर्ष से संघ लोक सेवा आयोग द्वारा गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्र के परीक्षार्थियों के लिए श्रीनगर गढ़वाल में परीक्षा देने की व्यवस्था की जा रही है जिसके लिए वर्तमान में गढ़वाल विश्वविद्यालय के 3 परीक्षा केन्द्रों में परीक्षाओं का सफल आयोजन किया गया है।
रविवार 5 जून को आयोजित परीक्षा के सफल संचालन के लिए संघ लोक सेवा आयोग के संयुक्त सचिव श्री एस०के० साहू और प्रीतम सिंह ने विश्वविद्यालय के कुशल प्रबन्धन के लिए कुलपति प्रो० अन्नपूर्णा नौटियाल को धन्यवाद दिया। वहीं गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार, जिलाधिकारी पौड़ी डॉ० विजय कुमार जोगदण्डे ने भी परीक्षा के सफल संचालन और व्यवस्थाओं के लिए विश्वविद्यालय और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।
इस परीक्षा के आयोजन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हुए प्रो० एम० एम० सेमवाल नोडल अधिकारी ने कहा कि इस परीक्षा के आयोजन हेतु सभी शिक्षको एवं कर्मचारियों ने अपना भरसक सहयोग दिया जिसके परिणास्वरूप परीक्षा का सफल आयोजन हुआ।
विश्वविद्यालय की तरफ से वैन्यू सुपरवाइजर के रूप में प्रो० वीसी शर्मा, प्रो० एमसी सती, प्रो० एमएस रावत, असिस्टेंट वैन्यू सुपरवाइजर के रूप में डॉ० प्रशांत कण्डारी, डॉ० आशुतोष गुप्ता, डॉ० विजय सिंह बिष्ट, डॉ० एमसी सती, डॉ० आर एस फर्त्याल, डॉ० अशोक कुमार, के एस मियां, सुभाष थपलियाल, प्रदीप रावत, सुरेश लिंगवाल समेत 50 से अधिक सहायक आचार्यों ने कक्ष निरीक्षकों के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
