May 9, 2024

राज्यसभा की सीट के लिए पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत मजबूत दावेदार

देहरादून। उत्तराखंड की राज्यसभा में खाली हो रही सीट के लिए भी भाजपा में दावेदारी तेज हो गई है। सूत्रों का दावा है कि पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत इस वक्त राज्यसभा की एक मात्र सीट के लिए सबसे मजबूत दावेदार हैं। वहीं त्रिवेंद्र सिंह रावत के अलावा महिला दावेदारों पर भी भाजपा में चर्चा है। पार्टी सूत्रों की मानें तो दो सांसद पुरुष हैं तो पार्टी एक महिला को राज्यसभा भेजकर संतुलन बैठा सकती है।

फिलवक्त भाजपा में चम्पावत उपचुनाव के साथ-साथ राज्य सभा सीट के लिए तैयारी चल रह है। राज्यसभा के लिए पार्टी का उम्मीदवार कौन होगा ये तो हाईकमान तय करेगा, लेकिन जानकारी के मुताबिक भाजपा संगठन 6 नामों को पैनल हाईकमान को भेजेगा। इसके लिए पार्टी हाईकमान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को अधिकृत किया है।

वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी व नरेश बंसल और एक सीट कांग्रेस से प्रदीप टम्टा राज्यसभा में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रदीप टम्टा का कार्यकाल अगले महीने पूरा हो जाएगा। मौजूदा विधानसभा में भाजपा में कुल 69 में से 46 विधायक हैं। संख्या बल के हिसाब से भाजपा की जीत तय है।

पार्टी सूत्रों का दावा है कि पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत इस सीट के लिए सबसे प्रबल दावेदार हैं। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से ही त्रिवेंद्र को बड़ी जिम्मेदारी देने की बात की जा रही है। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विधायक का चुनाव भी नहीं लड़ा। इस दौरान उनको प्रदेश अध्यक्ष बनाने का भी दावा किया गया। लेकिन अब तक पार्टी हाईकमान ने उनके नाम पर किसी तरह का विचार नहीं किया है। त्रिवेंद्र सिंह रावत को अब राज्यसभा का सबसे मजबूत उम्मीदवार बताया जा रहा है। त्रिवेंद्र सिंह रावत के अलावा सीएम के लिए सीट छोड़ने वाले कैलाश गहतोड़ी की भी चर्चा है। जिन्हें सीएम के लिए सीट छोड़ने का ईनाम मिल सकता है। इन तीनों के अलावा महिला दावेदारों के नाम भी प्रमुखता से माने जा रहे हैं।

पार्टी सूत्रों का दावा है कि दो सांसद पुरुष हैं तो पार्टी एक महिला को राज्यसभा भेजकर संतुलन बैठा सकती है। इसमें स्वराज विद्धान और दीप्ति रावत का नाम लिया जा रहा है। दीप्ति रावत का विधानसभा चुनाव में डोईवाला से नाम लगभग तय हो गया था। लेकिन अंतिम समय में त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबी बृजभूषण गैरोला को टिकट दिया गया है। ऐसे में दीप्ति को राज्यसभा भेजकर पार्टी उन्हें फिर से सम्मान दे सकती है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com