May 20, 2024

आज फिर राहुल गांधी की हाथरस जाने की तैयारी, दो दिन पहले हुआ था हंगामा

हाथरस गैंगरेप मामले पर मचा सियासी घमासान चरम पर पहुंच चुका है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज पार्टी सांसदों के साथ एक बार फिर से हाथरस की ओर कूच करेंगे। बता दें कि अभी दो दिन पहले भी राहुल गांधी, बहन प्रियंका गांधी के साथ हाथरस के लिए निकले थे लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करके वापस भेज दिया था।

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी के आज हाथरस जाने की जानकारी दी है। उन्होंनें बताया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में आज दोपहर हाथरस के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि राहुल हाथरस में मृतक लड़की के परिजनों से करेंगे मुलाकात।

राहुल गांधी ने किया ये ट्वीट

इस बीच राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि इस प्यारी बच्ची और उसके परिवार के साथ यूपी सरकार और उसकी पुलिस द्वारा किया जा रहा व्यवहार मुझे स्वीकार नहीं। किसी भी हिन्दुस्तानी को ये स्वीकार नहीं करना चाहिए।

प्रियंका ने भी योगी सरकार को आड़े हाथों लिया

इससे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार नैतिक रूप से भ्रष्ट है। पीड़िता को इलाज नहीं मिला, समय पर शिकायत नहीं लिखी, शव को जबरदस्ती जलाया, परिवार कैद में है, उन्हें दबाया जा रहा है – अब उन्हें धमकी दी जा रही कि नार्को टेस्ट होगा। ये व्यवहार देश को मंजूर नहीं। पीड़िता के परिवार को धमकाना बंद कीजिए।

गुरुवार को हुआ था हंगामा

गुरुवार को हाथरस में पीड़िता के परिवारों से मिलने पर बहन प्रियंका गांधी के साथ अड़े कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की पुलिस पर उन्होंने लाठियां मारने का आरोप लगाया था। इधर, पुलिस ने राहुल और प्रियंका दोनों हो हिरासत में ले लिया था। हालांकि, कुछ देर बाद एफ-1 गेस्ट हाउस से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बाहर निकल गए।

जानें क्या हुआ था

राहुल गांधी ने कहा कि उनका काफिला रोके जाने के बाद जिस वक्त वे पैदल ही ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे होते हुए हाथरस जा रहे थे पुलिस ने उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उन्हें लाठियां मारी। उन्होंने कहा, ‘मैं यह पूछना चाहता हूं कि क्या सिर्फ मोदी जी ही इस देश में पैदल चल सकते हैं? क्या कोई सामान्य व्यक्ति नहीं चल सकता? हमारी गाड़ियां रोक दी गई, इसलिए हम पैदल जा रहे हैं।’

इस मामले में नोएडा पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत 153 कांग्रेस नेताओं, 50 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की थी। यह एफआईआर पैनडेमिक एक्ट और धारा 144 का उल्लंघन करने के लिए दर्ज की गई थी।

गौरतलब है कि हाथरस की घटना को लेकर यूपी सरकार के खिलाफ राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल रखा है। गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती से लेकर गांव की सीमा सील किए जाने, राहुल ने हर एक विषय पर ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी और सीएम योगी के नेतृत्व वाली यूपी सरकार को घेरा। वहीं, प्रियंका गांधी ने भी हाथरस की पीड़िता के लिए दिल्ली के वाल्मीकि मंदिर में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत किया था।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com