महिला की मौत के बाद हरकत में आया वन विभाग, कोटद्वार में देर रात पकड़ा गया विशालकाय गुलदार
कोटड़ीढांग में महिला पर जानलेवा हमले के बाद वन विभाग ने तेज किया था सर्च ऑपरेशन, घटनास्थल के नजदीक मिले गुलदार को ट्रैंक्विलाइज कर रेस्क्यू सेंटर भेजा गया।
खबर: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में गुलदार के हमले से महिला की मौत के बाद वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कोटद्वार के सनेह क्षेत्र में मंगलवार देर रात वन विभाग की टीम ने एक बड़े गुलदार को बेहोश कर पकड़ लिया। गुलदार के पकड़े जाने की खबर से स्थानीय लोगों ने राहत जताई है।
मामला कोटड़ीढांग क्षेत्र का है, जहां सोमवार को कविता कोठियाल अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में कविता की मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर कई घंटों तक प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों की मांग थी कि हमलावर गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। मामले में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने भी वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने इलाके में पिंजरे लगाने के साथ ही सर्च अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू सेंटर में होगी गुलदार की जांच
मंगलवार देर रात घटनास्थल के आसपास एक बड़ा गुलदार दिखाई दिया, जिसे वन विभाग की टीम ने ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ लिया। अब उसे रेस्क्यू सेंटर में रखकर स्वास्थ्य परीक्षण और अन्य जरूरी जांच की जाएगी। वन विभाग की जांच के बाद ही पुष्टि हो पाएगी कि पकड़ा गया गुलदार ही महिला की मौत का जिम्मेदार है या नहीं।
