देहरादून लूटकांड में बड़ा खुलासा, केयरटेकर ने ही साथियों को घर में कराया था दाखिल
बुजुर्ग दंपती के घर से 12 लाख के जेवरात लूटने के मामले में तीन गिरफ्तार, महिला और नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर दिया था वारदात को अंजाम।
देहरादून के बसंत विहार इलाके में बुजुर्ग दंपती के घर हुई लूट की वारदात में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि इस पूरी घटना के पीछे घर का केयरटेकर होशियार सिंह था। उसने ही अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और घर के अंदर दाखिल होने का रास्ता आसान किया।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर की रात करीब दो बजे आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बुजुर्ग महिला और घर में काम करने वाली नौकरानी की आंखों में स्प्रे डाल दिया। दोनों को काबू करने के बाद बदमाशों ने महिला के शरीर पर पहने हुए आभूषण भी उतरवा लिए। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने चार टीमों का गठन कर जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। 25 नवंबर को पुलिस ने कांवली गांव के कब्रिस्तान के पास से तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान हिमांशु, नितिन और रूपा के रूप में हुई है। तीनों बिजनौर जिले के निवासी हैं और आपस में भाई-बहन हैं। पूछताछ में सामने आया कि केयरटेकर ने अपने साथियों को घर की गतिविधियों और अंदर रखे सामान की जानकारी दी थी। वारदात वाली रात उसने खुद दरवाजा खोलकर उन्हें घर में प्रवेश कराया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र, पेंडेंट, अंगूठी, झुमके, चांदी की पायल और अन्य गहने शामिल हैं।
वहीं, मुख्य साजिशकर्ता होशियार सिंह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि घर में किसी भी व्यक्ति को काम पर रखने से पहले उसका सत्यापन जरूर कराएं और पुलिस वेरिफिकेशन को नजरअंदाज न करें।
