उत्तराखंड में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल, 34 अफसरों के कार्यक्षेत्र बदले; 6 जिलों में नए SSP
शासन ने 12 IAS और 17 IPS अधिकारियों सहित कई अफसरों की नई तैनाती के आदेश जारी किए। पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था में हुए बदलाव के तहत कई महत्वपूर्ण विभागों की कमान भी नए अधिकारियों को दी गई है।
उत्तराखंड में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर शासन स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। बुधवार देर रात जारी आदेशों के तहत कुल 34 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें IAS, IPS, PCS और सचिवालय सेवा के अधिकारी शामिल हैं। इस फेरबदल का असर शासन के कई विभागों के साथ जिलों की पुलिस व्यवस्था पर भी पड़ा है। प्रमुख सचिव एलएल फनई को एक बार फिर आबकारी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, आर. राजेश कुमार को सचिव खनन के साथ महानिदेशक खनन बनाया गया है। बृजेश कुमार संत को खेल विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। रंजीत कुमार सिन्हा को आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा युगल किशोर पंत को सचिव तकनीकी शिक्षा और रंजना राजगुरु को सचिव नियोजन बनाया गया है। कई अन्य अधिकारियों के विभागों में भी बदलाव किया गया है।
पुलिस विभाग में भी बड़े स्तर पर बदलाव
तबादला आदेश के तहत छह जिलों में पुलिस कप्तानों की तैनाती बदली गई है। नई व्यवस्था में मणिकांत मिश्रा को ऊधमसिंह नगर, अर्पण यदुवंशी को नैनीताल, देवेंद्र पींचा को पौड़ी गढ़वाल, सरिता डोभाल को टिहरी गढ़वाल, अमित श्रीवास्तव-2 को चमोली और जगदीश चंद्र को बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है। पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम और अजय गणपति को एसडीआरएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्वेता चौबे को भी आईआरबी में नई तैनाती मिली है।
कई महत्वपूर्ण विभागों में भी बदले गए अधिकारी
प्रशासनिक बदलाव के तहत वित्त, खनन, आबकारी, खेल, तकनीकी शिक्षा, आयुष, वन और सहकारिता जैसे विभागों में भी जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इसके साथ ही PCS और सचिवालय सेवा के अधिकारियों को भी नए पदों पर भेजा गया है। शासन की ओर से जारी इन आदेशों के बाद प्रदेश के प्रशासनिक और पुलिस विभाग में नई जिम्मेदारियों के साथ कामकाज शुरू होगा।
