दशहरा मेले के लिए देहरादून पुलिस का ट्रैफिक प्लान तैयार, परेड ग्राउंड के आसपास बदलेगा रूट; इन जगहों पर पार्क करें गाड़ी

0
rr
  1. देहरादून: दशहरा मेले के आयोजन को लेकर देहरादून में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मंगलवार को परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन लागू रहेगा। मेले में आने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों पर बैरियर लगाने के साथ कई मार्गों पर वाहनों के संचालन में बदलाव किया है। लोगों की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी तय की गई है।

    कालिका मंदिर से परेड ग्राउंड पहुंचेगी शोभायात्रा

    दशहरा मेले की शोभायात्रा कालीदास रोड स्थित श्री कालिका मंदिर से शुरू होगी। यहां से शोभायात्रा मोती बाजार, पलटन बाजार, राजपुर रोड, एस्लेहॉल और कनक चौक होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी। इस दौरान संबंधित मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। व्यवस्था संभालने के लिए बुद्धा चौक, दर्शन लाल चौक, डूंगा हाउस, कनक चौक, ओरिएंट चौक और सर्वे चौक समेत 11 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। पुलिस के अनुसार, अति आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को आवाजाही की छूट रहेगी।

    शहर में इन रूटों पर रहेगा बदलाव

    मेले के दौरान विक्रम और सिटी बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। यात्रियों को परेशानी से बचने के लिए अपने रूट की जानकारी पहले ही कर लेने की सलाह दी गई है।

    • विक्रम रूट नंबर 3: तहसील चौक तक संचालन होगा। यहां से वाहन दून चौक होते हुए वापस जाएंगे।
    • विक्रम रूट नंबर 5 और 8: रेलवे गेट से वापस भेजे जाएंगे।
    • विक्रम रूट नंबर 2: सहस्रधारा क्रॉसिंग से ही वापसी करेंगे।
    • कैंट और राजपुर रोड की सिटी बसें: ओरिएंट चौक से चलेंगी।
    • क्लेमनटाउन रूट की बसें: दर्शनलाल चौक से घंटाघर होते हुए राजपुर रोड जाएंगी।
    • रायपुर रोड की बसें: चूना भट्टा से संचालित होकर सर्वे चौक तक ही पहुंचेंगी।

    आम लोगों के लिए पांच पार्किंग स्थल तय

    दशहरा मेले में आने वाले लोगों के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने के लिए पांच प्रमुख स्थान निर्धारित किए गए हैं।

    • रेंजर्स ग्राउंड
    • मंगला देवी इंटर कॉलेज
    • काबुल हाउस
    • नगर निगम परिसर
    • पुराना तहसील परिसर

    वहीं, वीआईपी वाहनों के लिए परेड ग्राउंड में मंच के पीछे, दून क्लब, स्मार्ट सिटी टिन शेड और प्रेस क्लब के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

    मुख्य पार्किंग फुल होने पर यहां खड़े करें वाहन

    अगर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर जगह नहीं मिलती है, तो वाहन चालक सचिवालय, जनपथ मार्केट, महिला पॉलिटेक्निक और कचहरी के पास बनाए गए वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल कर सकेंगे। इन स्थानों पर सिंगल लेन में वाहनों को खड़ा कराया जाएगा। दशहरा मेले के दौरान परेड ग्राउंड के आसपास भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों को निर्धारित रूट का पालन करने, पार्किंग नियमों का ध्यान रखने और पुलिस के निर्देशों के अनुसार आवाजाही करने की सलाह दी गई है।

     

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :