8 अगस्त को हल्द्वानी में खरगे की रैली, चुनावी मुद्दों पर भाजपा को घेरेंगे
देहरादून:ढाई साल बाद उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे चुनावी मुद्दों को धार देने के साथ ही भाजपा पर सियासी वार करेंगे। आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कार्यकर्ताओं की रैली से कुमाऊं मंडल की 29 विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी माहौल गरमाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की हल्द्वानी रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पार्टी ने रैली में 35 से 40 हजार कार्यकर्ताओं के आने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पार्टी के सभी नेता रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं। आगामी चुनाव को राष्ट्रीय नेतृत्व गंभीरता से ले रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून में छात्रों की गूंज कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष की हल्द्वानी रैली से चुनावी शंखनाद होगा। आने वाले समय में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व अन्य शीर्ष नेताओं के उत्तराखंड में कार्यक्रम होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौर से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
प्रदेश प्रभारी सैलजा ने की तैयारियों की समीक्षा
राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने वरिष्ठ नेताओं के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित अन्य नेताओं से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने पार्टी नेताओं को निर्देश दिए कि रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए आपसी समन्वय बना कर काम करें।
