श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय को मिला नया नेतृत्व, प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने संभाला कुलपति पद

0
1785201647216

श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय में एक गरिमामय, भावनात्मक एवं ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने अपने निवर्तमान कुलपति माननीय प्रो. एन. के. जोशी को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी तथा नवनियुक्त कुलपति माननीय प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय परिवार ने निवर्तमान कुलपति प्रो. एन. के. जोशी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा प्राप्त उल्लेखनीय उपलब्धियों का स्मरण करते हुए उनके प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। अपने कार्यकाल में उन्होंने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहन, प्रशासनिक पारदर्शिता, संस्थागत विकास तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण पहल कीं। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने अकादमिक, शोध एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में नई पहचान स्थापित की। विश्वविद्यालय परिवार ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामनाएँ करते हुए उनके योगदान को सदैव प्रेरणास्रोत बताया।

इसी अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति पद का विधिवत् कार्यभार ग्रहण किया। विश्वविद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ व शाॅल भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने सर्वप्रथम विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर अपने कार्यकाल का शुभारम्भ किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। भू-विज्ञान एवं पर्यावरण अध्ययन के क्षेत्र में उनके दीर्घ अनुभव को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है तथा विश्वविद्यालय को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल परिसर के रूप में विकसित करने के लिए सभी को सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।

माननीय कुलपति प्रो. महाजन देश के प्रतिष्ठित भू-विज्ञानी, भूकम्प वैज्ञानिक, पर्यावरणविद् एवं आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ हैं। उन्होंने भूविज्ञान में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत भूकम्प विज्ञान एवं सिस्मोटेक्टॉनिक्स विषय में पीएच.डी. की तथा जिनेवा विश्वविद्यालय (स्विट्जरलैंड) से आपदा प्रबंधन में डिप्लोमा एवं अन्तर्राष्ट्रीय पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप प्राप्त की।

माननीय कुलपति प्रो. महाजन ने वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी, देहरादून में वैज्ञानिक के रूप में दीर्घकाल तक कार्य करते हुए भूकम्पीय जोखिम आकलन, सिस्मिक माइक्रोजोनेशन एवं आपदा जोखिम न्यूनीकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके पश्चात उन्होंने केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश में प्रोफेसर के रूप में शिक्षण एवं शोध कार्य के साथ-साथ निदेशक आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC), अधिष्ठाता छात्र कल्याण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष सहित अनेक महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में उनका योगदान अत्यंत समृद्ध रहा है। उनके अनेक शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध परियोजनाओं का नेतृत्व किया है तथा भूकम्प विज्ञान, पर्यावरण अध्ययन, आपदा प्रबंधन एवं हिमालयी क्षेत्रों के वैज्ञानिक अध्ययन में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्हें राष्ट्रीय भू-विज्ञान पुरस्कार (National Geoscience Award-2017) सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत विश्वविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन के नेतृत्व में श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, गुणवत्ता, पारदर्शी प्रशासन तथा समाजोन्मुख उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। साथ ही विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों के अनुरूप उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर अग्रसर रहेगा।

कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अपने प्रथम संबोधन में माननीय कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करना, राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) के मानकों के अनुरूप विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट संस्थान के रूप में स्थापित करना तथा रिक्त पदों पर नियमानुसार भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाना होगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, नवाचार, पारदर्शी प्रशासन एवं उत्तरदायी कार्यसंस्कृति के माध्यम से विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए सभी अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी एक टीम के रूप में कार्य करेंगे।

उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से आह्वान किया कि सामूहिक प्रयास, पारस्परिक समन्वय एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति के माध्यम से श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का केन्द्र बनाया जाए।

समारोह के अंत में विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने निवर्तमान माननीय कुलपति प्रो. एन. के. जोशी को सम्मान एवं शुभकामनाओं सहित भावभीनी विदाई दी तथा नवनियुक्त माननीय कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन का हार्दिक स्वागत करते हुए उनके सफल, यशस्वी एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। समारोह का संचालन डाॅ0 हेमन्त बिष्ट, उप परीक्षा नियंत्रक द्वारा किया गया। इस अवसर पर मा0 कुलपति महोदय के परिवार जन, कुलसचिव दिनेश चन्द्रा, परीक्षा नियंत्रक प्रो0 स्वाति नेगी, वरिष्ठ वित्त अधिकारी मनोज कुमार पाण्डे, सहायक कुलसचिव प्रमोद बैंजवाल, विजय रणबीर सिंह, सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ बी एल आर्य, प्र0 निजी सचिव कुलपति वरूण डोभाल, प्र0 मान्यता सुनील नौटियाल सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारीगण शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :