1200-675-26376035-thumbnail-16x9-hg

देहरादून में हाल ही में हुई दर्दनाक फायरिंग घटना में जान गंवाने वाले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ कर दिया गया। अंतिम संस्कार की रस्में उनके बेटे ने निभाईं। इस दौरान पुष्कर सिंह धामी भी उनके आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने साफ कहा कि इस घटना में शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिसके तहत असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 30 मार्च की सुबह राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। नाइट क्लब में बिल को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते मारपीट और फिर फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि बिना नंबर प्लेट की गाड़ी में सवार युवकों ने क्लब संचालक और स्टाफ की कार पर गोलियां चला दीं। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय ब्रिगेडियर मुकेश जोशी फायरिंग की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की जांच जारी है।

घटना के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं और मामला राजनीतिक रंग भी ले चुका है। विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है, वहीं राहुल गांधी ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है।

सरकार ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड किया है और वरिष्ठ अधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन का कहना है कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :