Haryana Health News: कल से शुरू हो रहा ‘उज्जवल दृष्टि योजना’, बुजुर्गों और बच्चों को मिलेगा मुफ्त चश्मा हिसार के नागरिक अस्पताल में 45 वर्ष से ऊपर और स्कूल जाने वाले बच्चों की आंखों की जांच, जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मा वितरित
चंडीगढ़: हरियाणा में कल से ‘उज्जवल दृष्टि योजना’ की शुरुआत हो रही है। इस अभियान का शुभारंभ हिसार के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से स्वास्थ्य मंत्री आरती राव करेंगी। योजना के तहत नागरिक अस्पताल में 45 वर्ष से ऊपर के लोगों की आंखों की जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें निशुल्क चश्मे प्रदान किए जाएंगे।
नगर निगम अस्पताल में विभाग की तरफ से 7000 चश्मे पहुंच चुके हैं। अब तक इस योजना में 100 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इसके साथ ही, स्कूल जाने वाले बच्चों की आंखों की जांच भी की जाएगी और उन्हें आवश्यकता होने पर चश्मा दिया जाएगा।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार ने बताया कि योजना में 45 से 60 साल के व्यक्तियों और बच्चों की आंखों की जांच की जा रही है। इसके लिए अलग-अलग स्कूलों में भी स्क्रीनिंग कैंप लगाए जाएंगे। हिसार की सीएमओ डॉ. सपना गहलावत ने बताया कि अभियान 11 जुलाई से नागरिक अस्पताल में शुरू होगा और बुजुर्गों व बच्चों को चश्मा वितरित किया जाएगा।
