Haryana Weather Update: 20 जून से बरसेंगे बादल, जून के आखिर में होगी Monsoon की एंट्री 21 से 23 जून तक प्रदेशभर में होगी बारिश, फसलों और धान की रोपाई के लिए खुशखबरी लेकर आएगा मानसून
हिसार (डेस्क): हरियाणा में मौसम लगातार करवट ले रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में घने बादल छाए हुए हैं और अब 20 जून से बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन लाल खिचड़ ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली प्री-मानसून हवाओं के चलते 21 से 23 जून तक प्रदेशभर में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी।
जून के आखिरी हफ्ते में मानसून की दस्तक
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मानसून पहले ही मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में पहुंच चुका है। हरियाणा में इसकी आधिकारिक एंट्री जून के आखिरी सप्ताह में होने की संभावना है। इस बार मानसून के औसत से अधिक सक्रिय रहने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार हैं।
किसानों के लिए खुशखबरी
डॉ. खिचड़ ने कहा कि अब तक हुई बारिश फसलों के लिए फायदेमंद रही है और आने वाले दिनों की बारिश से भी किसानों को लाभ होगा। विशेष रूप से धान की रोपाई और खरीफ फसलों की बिजाई के लिए यह बारिश बेहद उपयोगी साबित होगी। जिन इलाकों में अभी धान की रोपाई नहीं हुई है, वहां अगले 2-3 दिनों में किसानों को बेहतरीन मौका मिलेगा।
