Haryana Breaking: पंजाब की गाड़ियों पर रोक का फैसला टला, हरियाणा-पंजाब बॉर्डर से राहत की खबर जल विवाद को लेकर 25 मई से पंजाब के वाहनों की एंट्री रोकने का ऐलान किया गया था, लेकिन अब इनेलो ने अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। पंजाब की ओर से पानी छोड़े जाने के बाद हरियाणा में वाहनों की आवाजाही सामान्य रहेगी।
हरियाणा डेस्कः हरियाणा और पंजाब के बीच चल रहे जल विवाद पर बड़ा अपडेट सामने आया है। पहले जहां इनेलो ने पंजाब से 9 हजार क्यूसेक पानी न मिलने पर 25 मई से पंजाब की गाड़ियों को हरियाणा में रोकने का ऐलान किया था, वहीं अब राहत की खबर आई है। पंजाब की तरफ से पानी छोड़े जाने के बाद इस निर्णय को फिलहाल टाल दिया गया है।
इनेलो ने चेतावनी दी थी कि अगर पानी नहीं मिला तो 25 मई को सांकेतिक धरना और 1 जून से पंजाब की गाड़ियों के स्थायी रूप से रास्ते रोक दिए जाएंगे। लेकिन पानी की आपूर्ति मिलने के बाद यह फैसला वापस ले लिया गया। इनेलो प्रमुख चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जनता को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा।
इसी बीच जाट भवन में हुई बैठक में इनेलो ने पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों पर तीखे हमले बोले और उन्हें “डमी मुख्यमंत्री” करार दिया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों की सरकारें दिल्ली से चलाई जा रही हैं।
