उत्तराखण्डः सत्ता की हनक में पूर्व मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के बेटों ने सरकारी जमीन पर कर दिया अवैध निर्माण!
देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल लगातार सुर्खियों में है। इस बार सुर्खियों की वजह कोई विवादास्पद बयान नहीं है। इस बार वे अपने बेटों के चलते सुर्खियों में है।
दरअसल पौडी जिले के यमकेश्वर तहसील में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बेटे अभिषेक भट्ट और पूर्व मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल के बेटे पीयूष पर सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण के आरोप लगे है। साल 2024 के अक्टूबर महीने की एक जांच रिपोर्ट में ये बात सामने आई है।

पटवारी की ओर से दी गई इस रिपोर्ट में बताया गया है कि यमकेश्वर तहसील के तहत ग्राम सभा मराल में लक्ष्मणझूला-काण्डी-दुगड्डा मोटरमार्ग से लगती हुई एक सरकारी भूमि पर होटल बनाने के प्रयोजन से 156 घन मीटर जमीन का कटान हुआ है। ये कटान होटल के लिए सड़क बनाने के मकसद से किया गया है।
ग्रामीणों की मौखिक शिकायत पर पटवारी ने मौके पर पहुंच कर जांच आख्या प्रस्तुत की। इस रिपोर्ट में ये खुलासा किया गया है कि खाता संख्या 81 के खसरा नंबर 5990 से लेकर 6000 तक 10 नाली जमीन में होटल बनाया जा रहा है। इसी होटल के लिए सरकारी जमीन पर बिना अनुमति के सड़क निर्माण कर दिया गया है। पटवारी ने अपनी इस रिपोर्ट में भू-स्वामियों के रूप में पीयूष गोयल पुत्र प्रेमचंद्र अग्रवाल और अभिषेक भट्ट पुत्र महेंद्र भट्ट और उनके पार्टनर हरबंश सिह का नाम दर्ज किया है।

वहीं इस जमीन की खतौनी पर नजर दौडाऐं तो पटवारी की रिपोर्ट में बताए गए खसरों पर निम्न भू स्वामियों के नाम सामने आते है ।
पीयूष गोयल पुत्र प्रेमचन्द अग्रवाल,निवासी गंगा विहार ऋषिकेश
अभिषेक भट्ट पुत्र महेंद्र भट्ट निवासी 52 नेहरू ग्राम, इन्द्रानगर ऋषिकेश
इस रिपोर्ट में ये साफ किया गया है कि मौके पर पटवारी ने निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा है। और थाना लक्ष्मणझूला को इन लोगों पर कार्यवाही करने के लिए निर्देशित करने का आग्रह किया है। साथ ही ये भी कहा गया कि बिना अनुमति के सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर भी उन पर कार्रवाही की जानी चाहिए।
