यूपी में चुनाव लड़ेगी या नहीं CJP? अभिजीत दीपके की पार्टी ने साफ किया रुख, 10 राज्यों में संगठन का विस्तार
उत्तर प्रदेश में 16 सदस्यों की सबसे बड़ी टीम घोषित, विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ाई सक्रियता; पार्टी ने कहा- फिलहाल चुनावी राजनीति में आने की योजना नहीं
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने देश के 10 राज्यों में अपनी संगठनात्मक टीमें घोषित कर दी हैं। इस विस्तार में उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक प्राथमिकता मिली है। यहां 16 सदस्यों की प्रदेश स्तरीय समिति बनाई गई है। हालांकि, चुनाव से पहले संगठन के इस विस्तार के बावजूद पार्टी ने स्पष्ट किया है कि उसका फिलहाल विधानसभा चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है।
यूपी समेत 10 राज्यों में नियुक्त किए पदाधिकारी
CJP ने उत्तर प्रदेश के साथ महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी पदाधिकारियों की नियुक्तियां की हैं। उत्तर प्रदेश में 16 सदस्यों की टीम बनाई गई है, जबकि महाराष्ट्र में 15 और झारखंड तथा पूर्वोत्तर में 14-14 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बिहार में 13, पश्चिम बंगाल में 12, उत्तराखंड और हरियाणा में 6-6, राजस्थान में 5 तथा जम्मू-कश्मीर में 4 सदस्य नियुक्त किए गए हैं।
चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी नहीं
यूपी में सबसे बड़ी टीम उतारे जाने के बाद यह सवाल उठने लगा कि क्या CJP आगामी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार खड़े करेगी? इस पर पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। पार्टी की राष्ट्रीय मीडिया संयोजक सुभाश्री दास के मुताबिक, CJP फिलहाल एक राजनीतिक दबाव समूह के रूप में ही काम करेगी। उन्होंने कहा कि अभी किसी नए राजनीतिक दल के गठन या चुनाव लड़ने की योजना नहीं है। पार्टी का उद्देश्य व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही को लेकर आवाज उठाना है।
लोकसभा क्षेत्रों से शुरू होगा काम
CJP की रणनीति संगठन को धीरे-धीरे जमीनी स्तर तक पहुंचाने की है। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने बताया कि शुरुआती चरण में लोकसभा क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा। इसके बाद सदस्यता अभियान के विस्तार के साथ विधानसभा क्षेत्रों में भी संगठन को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। अन्य राज्यों में भी नए लोगों को संगठन से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
अभिजीत दीपके के नेतृत्व में राष्ट्रीय टीम भी तैयार
पार्टी इससे पहले राष्ट्रीय स्तर पर भी पदाधिकारियों की नियुक्ति कर चुकी है। अभिजीत दीपके को राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। वहीं क्षितिज पगार को पश्चिमी जोन और डॉक्टर विवेक सांगवान को उत्तरी जोन की जिम्मेदारी दी गई है। मुहम्मद जुनैद और गीगराज जोरली को उत्तरी जोन की समन्वय समिति में शामिल किया गया है। पार्टी की नई टीमों को क्षेत्रीय स्तर पर सक्रिय रहकर निर्वाचित प्रतिनिधियों के वादों और उनके कामकाज पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में CJP का संगठनात्मक विस्तार चर्चा में है, हालांकि पार्टी ने फिलहाल चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज कर दिया है।
