...

छठ महोत्सव में शामिल हुए सीएम धामी, खटीमा में छठ घाट सौंदर्यीकरण का किया लोकार्पण

0
cm

खटीमा में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक का ड्रेनेज प्लान स्वीकृत, जल्द होगा भूमि पूजन

खटीमा (ऊधमसिंह नगर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से आयोजित छठ महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वार्ड नंबर 14 स्थित संजय रेलवे पार्क के समीप नवनिर्मित छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए छठी मईया और भगवान सूर्य नारायण से सभी के सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने आयोजन के लिए पूर्वांचल सेवा समिति और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की। धामी ने कहा कि छठ पर्व आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन में संघर्ष और समर्पण के महत्व का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को जोड़ने का काम करता है। यह पर्व देश की सांस्कृतिक विविधता के बीच एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।

खटीमा में विकास कार्यों को लेकर सीएम ने दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। इसी दिशा में खटीमा में धार्मिक आस्था से जुड़े स्थलों के विकास के साथ बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खटीमा में हर साल होने वाली जलभराव और बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत का ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है। जल्द ही इस योजना का भूमि पूजन किया जाएगा। इसके अलावा खटीमा चौराहे से मेला घाट रोड तक हॉटमिक्स कार्य, मुख्य चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण और मजोला रोड सहित नानकसागर से 17 मील तक करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। सीएम ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों को सरकार ‘प्रथम गांव’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। मेलघाट, सिसैया और नगला तराई जैसे गांवों के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसके साथ ही भारामल बाबा मंदिर क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार के कार्य भी किए गए हैं।

शिक्षा और धार्मिक पर्यटन को भी मिल रहा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की नई इमारत तैयार हो चुकी है। वहीं, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए केंद्रीय मंत्री की ओर से 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि चकरपुर स्थित वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण का काम भी तेजी से चल रहा है। आने वाले समय में यह क्षेत्र एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित होगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समिति के पदाधिकारियों और एक चिकित्सक को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पूर्वांचल सेवा समिति के अध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह, महेंद्र प्रताप, प्रकाश चंद तिवारी, रणजीत सिंह नामधारी, अंकित पांडेय, कमला सिंह, एसके पटेल, अजय प्रताप सिंह, नरेश यादव, अशोक सिंह और रंजना सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :