...

पंतनगर एयरपोर्ट को मिलेगी नई पहचान, 375 करोड़ की योजना को हरी झंडी

0
patnanagar-airport

पर्यावरणीय मंजूरी के बाद विस्तार की तैयारी तेज, 3 किलोमीटर लंबा होगा रनवे; सालाना 10.1 लाख यात्रियों की क्षमता विकसित होगी

देहरादून। उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में हवाई सेवाओं को नई मजबूती मिलने वाली है। ऊधम सिंह नगर जिले के पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की महत्वपूर्ण बाधा दूर हो गई है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने 375.33 करोड़ रुपये की विस्तार परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। इसके बाद एयरपोर्ट को बड़े विमानों के संचालन के अनुकूल बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ सकेगा। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की इस योजना का उद्देश्य पंतनगर एयरपोर्ट की मौजूदा सुविधाओं को बढ़ाकर इसे आधुनिक हवाई अड्डे के रूप में विकसित करना है। विस्तार के बाद यहां हर साल करीब 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही हो सकेगी। खास बात यह है कि परियोजना के लिए अतिरिक्त भूमि का इस्तेमाल किया जाएगा, लेकिन किसी परिवार को विस्थापित नहीं होना पड़ेगा।

छोटे रनवे की जगह बनेगा 3,000 मीटर का रनवे

एयरपोर्ट की मौजूदा रनवे लंबाई 1,372 मीटर है। विस्तार योजना में इसे बढ़ाकर 3,000 मीटर करने का प्रस्ताव है। इससे बड़े आकार के विमानों के उतरने और उड़ान भरने की सुविधा मिल सकेगी। टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल भी 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। विमानों की पार्किंग व्यवस्था में भी इजाफा होगा। अभी एयरपोर्ट पर दो विमान पार्किंग स्थल हैं, जिन्हें बढ़ाकर सात किया जाएगा। इसके साथ टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी एक-एक से बढ़ाकर दो-दो की जाएगी।

321 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर होगा विकास

विस्तार के बाद एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल लगभग 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें मौजूदा 109.017 हेक्टेयर भूमि और 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल है। परियोजना के लिए समतल कृषि और खुली भूमि का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे विस्थापन और पुनर्वास की जरूरत नहीं पड़ेगी।

बिजली और पानी के लिए बनेंगी नई व्यवस्थाएं

परियोजना में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए भी कई प्रावधान किए गए हैं। एयरपोर्ट परिसर में लगभग पांच हेक्टेयर अतिरिक्त हरित क्षेत्र विकसित होगा। वहीं 72 किलोवाट का नया सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया जाएगा, जिससे कुल सौर ऊर्जा क्षमता बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी। पानी और सीवेज प्रबंधन के लिए 165 केएलडी क्षमता का ट्रीटमेंट प्लांट तैयार किया जाएगा। प्रतिदिन निकलने वाले लगभग 136 केएलडी गंदे पानी को साफ कर दोबारा फ्लशिंग और बागवानी में इस्तेमाल किया जाएगा।

कुमाऊं के पर्यटन और कारोबार को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एयरपोर्ट विस्तार को कुमाऊं के लिए अहम उपलब्धि बताया है। उनके अनुसार, बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसके अलावा आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी एयरपोर्ट की बढ़ी हुई क्षमता उपयोगी होगी।

जांच के बाद मिली पर्यावरणीय मंजूरी

इस परियोजना के लिए सितंबर 2025 में पर्यावरणीय संदर्भ शर्तें जारी की गई थीं। मार्च 2026 में जनसुनवाई कराई गई और जून 2026 में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने विस्तृत पर्यावरणीय प्रभाव आकलन रिपोर्ट के साथ प्रस्ताव जमा किया। इसके बाद 7 अक्टूबर और 3 नवंबर 2026 को विशेषज्ञ समिति ने परियोजना की समीक्षा की। पर्यावरणीय प्रभावों और प्रबंधन योजना का आकलन करने के बाद समिति ने निर्धारित शर्तों के साथ मंजूरी देने की सिफारिश की। अब SEIAA की स्वीकृति मिलने के बाद पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *