20 करोड़ के सोना-चांदी का मामला पहुंचा थाने, सरकारी टकसाल के नाम पर ठगी का आरोप
उपशीर्षक: दिल्ली के सर्राफा कारोबारी परिवार के छह लोगों पर मुकदमा दर्ज, पुश्तैनी गहने और करोड़ों की रकम वापस नहीं करने का आरोप।
गाजियाबाद: सरकारी टकसाल से सोना बदलवाने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गाजियाबाद में एक व्यक्ति ने दिल्ली के सर्राफा कारोबारी परिवार के छह सदस्यों पर करीब 20 करोड़ रुपये के सोने और चांदी की हेराफेरी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सभी छह आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजनगर निवासी राकेश कुमार मित्तल के मुताबिक, वर्ष 2022 में एक पारिवारिक समारोह के दौरान उनकी मुलाकात कुछ परिचितों से हुई थी। इस दौरान राकेश गुप्ता, दिलीप गुप्ता और उनके साथियों ने उन्हें पुश्तैनी सोने के गहनों को सुरक्षित रखने के बजाय उनसे बेहतर मुनाफा कमाने का रास्ता बताया। आरोप है कि उन्होंने खुद को भारत सरकार की सरकारी टकसाल का अधिकृत एजेंट बताया और गहनों को कम खर्च में शुद्ध सोने की ईंटों में बदलवाने का भरोसा दिलाया।
12 करोड़ के पुश्तैनी गहने सौंपने का आरोप
पीड़ित का कहना है कि आरोपितों की बातों में आकर उन्होंने अगस्त से नवंबर 2023 के बीच अलग-अलग मौकों पर करीब 12 करोड़ रुपये कीमत के पुश्तैनी सोने के आभूषण सौंप दिए। यह लेनदेन रामलीला मैदान घंटाघर के आसपास हुआ था। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि सोने को प्रोसेस करने के बाद उससे नए आभूषण तैयार कर बाजार में बेचने पर अच्छी कमाई होगी। मामला यहीं नहीं रुका। शिकायत के अनुसार, अक्टूबर 2024 में आदित गुप्ता के कहने पर राकेश मित्तल ने अपनी एफडी तुड़वाकर 4.50 करोड़ रुपये आरटीजीएस के जरिए एक फर्म के खाते में जमा कराए। यह रकम चांदी की सिल्लियां खरीदने के लिए ली गई थी।
सोना-चांदी मांगने पर नहीं मिला जवाब
राकेश मित्तल ने आरोप लगाया है कि उनके करीब चार किलो सोने और 420 किलो चांदी को आरोपितों ने अपने पास रख लिया। इसकी कुल कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये बताई गई है। पत्नी के इलाज के दौरान उन्होंने अपनी संपत्ति वापस मांगी, लेकिन उन्हें लगातार आश्वासन देकर टाल दिया गया। अगस्त 2025 में पत्नी के निधन के बाद भी जब उन्होंने सोना-चांदी और रकम लौटाने का दबाव बनाया तो कथित तौर पर उन्हें धमकियां दी गईं।
छह लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
लगातार परेशान होने के बाद पीड़ित ने गाजियाबाद कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने राकेश गुप्ता, आदित गुप्ता, अखिल गुप्ता, दिलीप गुप्ता, अभिनव गुप्ता और स्वतंत्र गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान लेनदेन, बैंक खातों और सोना-चांदी सौंपे जाने से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।
