सीएम धामी ने दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, केक काटते दिखे भावुक

0
1200-675-27644447-thumbnail-16x9-cm

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के मौके पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर वहां पढ़ रहे बच्चों के साथ अपना जन्म दिवस मनाया. मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच रहकर जन्म दिवस की खुशियां साझा कीं. बच्चों ने सीएम धामी के लिए जन्मदिवस पर गाना गया, जिस पर सीएम धामी भावुक नजर आए. इसके बाद सीएम धामी ने बच्चों के बीच जाकर उनसे संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ समय बिताया. मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और खुश भी नजर आए.

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है. हर बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं. उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि, दिव्यांगजन का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है. दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और लगातार प्रयास से जीवन की हर चुनौती को पार किया जा सकता है. मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर पूरे विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

समाज में हर व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है. बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके लिए जन्म दिवस का सबसे विशेष और यादगार उपहार है.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड-

सीएम धामी ने कहा कि, मनुष्य हर दिन सोने के बाद जब प्रातः काल उठना है वो उसका जन्म ही होता है. क्योंकि वो नए दिन में आता है. ऐसे में इस अवतरण दिन पर उनका प्रयास रहता है कि बच्चों के बीच जाएं और उनके साथ कुछ देर रह कर बातचीत करे.

साथ ही कहा कि, एनआईबीएच के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमाम काम किए हैं और योजनाएं बनाई हैं. साथ ही इन सभी दिव्यांग बच्चों को हर तरह से सक्षम बनाने का काम किया जा रहा है.

इन बच्चों को सिर्फ हमारी सहानुभूति नहीं चाहिए बल्कि सहानुभूति के साथ इनको सक्षम बनाना भी जरूरी है. दिव्यांग बच्चों में से जिनकी भी भागीदारी मिल रही है वो हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदेश के युवा आज के इस दिन को युवा संकल्प दिवस के रूप में मना रहे हैं.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *