उत्तराखंड में शिक्षा से सड़क तक विकास योजनाओं को मंजूरी, धामी सरकार ने स्वीकृत किए करोड़ों रुपये
देहरादून। उत्तराखंड में विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई है। शिक्षा विभाग में वेतन-भत्तों से लेकर सड़क निर्माण, कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार तक कई कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही उत्तराखंड वित्त सेवा संवर्ग के छह अधिकारियों को चयन वेतनमान में पदोन्नति देने की मंजूरी भी दी गई है।
शिक्षा विभाग के लिए 445.92 करोड़ रुपये का प्रावधान
सरकार ने समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत संचालित माध्यमिक और प्रारंभिक विद्यालयों में शिक्षकों के वेतन-भत्तों तथा अन्य आवश्यक खर्चों के लिए 445.92 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर करने का अनुमोदन दिया है। इस फैसले से शिक्षा विभाग की विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध होगी।
कुंभ की तैयारियों के लिए भी स्वीकृति
हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले को देखते हुए घाटों के विस्तार और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। बहादराबाद क्षेत्र में गंगा नहर के दायीं ओर कांगड़ी घाट के विस्तार के लिए 8.43 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, कुंभ मेला-2027 के लिए कंबल और सजावटी कपड़ों की खरीद से जुड़े कार्यों के लिए 14.57 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
छह जिलों में सड़क परियोजनाओं को मिलेगी गति
प्रदेश में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, देहरादून, चमोली, चंपावत और नैनीताल सहित विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर क्षेत्र में जखेड से सुमाड़ी-कपरौली तक मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 2.04 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। चकराता विधानसभा क्षेत्र में कालसी से उपरौली मोटर मार्ग के अनुरक्षण के लिए 1.91 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं, चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए 3.84 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।
हेलिपैड और मंदिर परिसर का भी होगा विकास
लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र में हेलिपैड निर्माण के लिए 13.50 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र में बूढ़ाकेदार महादेव मंदिर के पास धर्मशाला, कक्षों और शौचालयों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 98.77 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इन योजनाओं के अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क मार्गों के निर्माण, डामरीकरण और सड़क सुधार के कार्यों को भी मंजूरी प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं से स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
वित्त सेवा के छह अधिकारियों को पदोन्नति
शासन ने उत्तराखंड वित्त सेवा संवर्ग के छह अधिकारियों को चयन वेतनमान (लेवल-13) में पदोन्नति देने की स्वीकृति प्रदान की है। विभागीय चयन समिति की संस्तुति के आधार पर पंकज कुमार शुक्ल, पूजा नेगी, संजीत भंडारी, सुनील सिंह, आनंद सिंह और वीरेंद्र रावत को पदोन्नति दी जाएगी। सरकार के इन फैसलों से प्रदेश में शिक्षा, सड़क संपर्क, धार्मिक पर्यटन और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।
