लद्दाख दौरे पर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने थिकसे मठ में की पूजा-अर्चना, भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर भी दिया संदेश

0
155933375

लेह। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने अपने लद्दाख दौरे के दौरान शुक्रवार को ऐतिहासिक थिकसे मठ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लद्दाख की बौद्ध संस्कृति और धार्मिक विरासत को करीब से देखा।

थिकसे मठ लेह से करीब 19 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी पर स्थित है। यह मध्य लद्दाख के प्रमुख और सबसे बड़े बौद्ध मठों में शामिल है। वर्ष 1433 में स्थापित इस मठ में प्राचीन मूर्तियां, स्तूप, धार्मिक चित्र और अन्य ऐतिहासिक धरोहर मौजूद हैं। यहां करीब 15 मीटर ऊंची मैत्रेय बुद्ध की प्रतिमा भी प्रमुख आकर्षण है।

सर्जियो गोर गुरुवार को जम्मू-कश्मीर दौरे के बाद लेह पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की थी। अपनी यात्रा के दौरान गोर ने जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने की बात कही।

लद्दाख का यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यह सर्जियो गोर की इस केंद्र शासित प्रदेश की पहली आधिकारिक यात्रा है। क्षेत्र की सामरिक स्थिति और भारत की सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के बीच अमेरिकी राजदूत की यात्रा को महत्वपूर्ण कूटनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *