रानीपोखरी पुल के नवनिर्माण को पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र ने ली बैठक, वैकल्पिक तौर पर घमण्डपुर मार्ग से चलेंगे वाहन
देहरादून। रानीपोखरी मार्ग पर यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत जुटे हुए हैं। गौरतलब है कि विगत 27 अगस्त को ये पुल क्षतिग्रस्त हो गया था जिसके बाद से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप्प है। रानीपोखरी का ये पुल उत्तराखण्ड में यातायात के लिहाज से बड़ा अहमियत रखा है। ये पुल केवल देहरादून ही नहीं अपितु समस्त गढवाल व बागेश्वर, पिथौरागढ जनपद को भी जोड़ता है। लिहाजा यहां पर वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था जल्द शुरू करने के लिए पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र लगातार दौड़-धूप करने में लगे हैं।
इसी सिलसिले में पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र ने सोमवार को अपने आवास पर सिंचाई, वन एवं लोक निर्माण विभाग के अफसरों की एक बैठक की। जिसमें उन्होंने इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को बहाल करने के जल्द ही वैकल्पिक इंतजामों को धरातल पर उतरने के लिए अफसरों को निर्देश दिये।


इससे पहले सोमवार को एक बार फिर पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र ने रानीपोखरी पहुंचकर क्षतिग्रस्त हुए पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर सिंचाई विभाग के अफसरों को पानी के बहाव को नदी के बीच में करने के निर्देश दिए ताकि नदी के कोने में फैले शीशम के जंगल और बिजली की लाइन को ध्वस्त होने से बचाया जा सके। क्षतिग्रस्त इस पुल के नव-निर्माण हेतु पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र ने जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को पहले ही निर्देशित करे चुके है।
