May 3, 2024

जुबानी जंगः कांग्रेस ने भाजपा पर बोला हमला, भाजपा ने किया पलटवार

देहरादून। उत्तराखण्ड में लोकसभा चुनाव सम्पन्न होने के बाद भी कांग्रेसियों का भाजपा से नाता जोड़ने का सिलसिला जारी है। बीते दिन पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की मिस इण्डिया बहू अनुकृति ने भी ये सिलसिला कायम रखते हुए भाजपा का दामन थाम लिया। ऐन चुनाव से पहले श्रीनगर की पालिकाध्यक्ष रही पूनम तिवारी और उनके पति प्रदीप तिवारी ने भी भाजपा ज्वाइन कर ली। भाजपा इसको उपलब्धि बता प्रचारित कर रही है।

भाजपा कांग्रेस में जुबानी जंग

पार्टी छोड़ने और जुड़ने के बीच इधर अब भाजपा-कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं पर जुबानी हमला बोला है। कांग्रेस नेता मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि भ्रष्टाचारी और माफिया भाजपा रूपी गंगा में डुबकी लगाने को आतुर है। जोशी ने कहा कि पार्टी विद डिफरेंस का मुखौटा ओढ़े भाजपा की आज की दिशा और दशा देखकर दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी की आत्मा भी दुखी होती होगी कि किस भाजपा के लिए उन्होंने अपना सारा जीवन लगा दिया।

सोमवार मीडिया को बयान जारी करते हुए कांग्रेस नेता जोषी ने कि पिछले पांच साल में देश के सारे बड़े भ्रष्टाचारी, खनन माफिया, भू-माफिया, दुराचार के आरोपी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। आज भाजपा उनका अड्डा बन चुकी है। मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि हिन्दू धर्म में मंगलसूत्र को नारी के सुहाग का प्रतीक माना जाता है, लेकिन नरेन्द्र मोदी भारतीय नारी के मंगलसूत्र का भी अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता समझा चुकी है कि नरेन्द्र मोदी सत्ता में बने रहने के लिए किसी भी स्तर तक गिर सकते हैं।

भाजपा ने जुबानी हमले पर किया पलटवार

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस भयग्रस्त और उलझन मे घिरी हुई है और लगातार मिल रही पराजय से वह अमर्यादित बयानबाजी कर रही है। कांग्रेस मे कार्यकर्ता खुद को असुरक्षित मानता है। परिवारवाद की परंपरा के चलते वहां पर केंद्र और राज्यों मे कुछ क्षत्रपों का ही बोलबाला है।

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस सार्वजनिक जीवन मे शिष्टाचार तक भूल गयी है और यह उसकी बौखलाहट है। जब तक उसका कोई कार्यकर्ता या नेता पार्टी मे होता है तो वह उसकी शान मे कसीदे गढ़ने मे कोई कंजूसी नही करते, लेकिन जैसे ही वह कांग्रेस की कुनीतियों से त्रस्त होकर भाजपा का रुख करता है तो कांग्रेसियों के निशाने पर आ जाता है। उसके लिए माफिया, अवैध धंधे मे लिप्त या सरंक्षण पाने जैसे संबोधन शुरू हो जाते है।

चौहान ने कहा कि भाजपा पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे, 10 साल के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता की अदालत मे है, लेकिन जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांगने से कांग्रेस क्यों तिलमिला रही है। अल्पसंखक मुस्लिम तुष्टिकरण पर सवाल पूछने पर वह क्यों बौखला रही है। भाजपा सबका साथ सबका विकास के नारे पर आगे बढ़ रही है, लेकिन कांग्रेस के न्याय पत्र मे छिपे एजेंडे को आम जन तक पहुंचाने मे पीछे नही रहेगी। देश के संसाधनों पर अल्पसंखक मुस्लिमों के पहले अधिकार के वायदे पर उसे स्थिति साफ करनी चाहिए।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com