May 17, 2024

 देहरादून: 2 लाख 33 हजार से अधिक बच्चों को पिलायी जायेगी पोलियो की खुराक

देहरादून। राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस के अवसर पर आगामी 3 मार्च 2024 से जनपद देहरादून में सघन पल्स पोलियो अभियान का संचालन किया जायेगा। अभियान के तहत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी जायेगी।

3 मार्च को बूथ दिवस पर सभी पोलियो बूथों पर यह खुराक पिलायी जायेगी, जबकि 4 से 9 मार्च 2024 तक आशा कार्यकत्रियों तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर पोलियो की खुराक बच्चों को पिलायी जायेगी।

इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ0 वंदना सेमवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार अभियान के तहत जनपद के अंतर्गत कुल 233500 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिस हेतु जनपद में 1403 स्थिर बूथ, 70 ट्रांजिट बूथ तथा 26 मोबाईल बूथ सहित कुल 1501 पोलियो बूथ स्थापित किये गये हैं। कुल 1492 टीमों का गठन किया गया है।

अभियान के लिए 339 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गयी है। अभियान में सम्मिलित समस्त कर्मचारियों तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। सभी चिकित्सा इकाईयों में पर्याप्त मात्रा में पोलियो वैक्सीन तथा आवश्यक लाॅजिस्टिक्स की आपूर्ति कर दी गयी है।

जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 संजय जैन ने जनपद के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि अभियान के दौरान सभी अभिभावक अपने जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलायें। उन्होंने कहा कि हालांकि वर्तमान में भारत पोलियो मुक्त है, किंतु पड़ोसी देशों में अब भी पोलियो के केस सामने आ रहे हैं, इसलिए हमें सचेत रहना होगा तथा यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाये।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com