May 3, 2024

गणेश गोदियाल ने दी अनिल बलूनी को खुले मंच पर बहस की चुनौती

श्रीनगर। उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर सियासी घमासान तेज है। उत्तराखण्ड की सबसे चर्चित लोकसभा क्षेत्र पौड़ी में प्रत्याशियों के बीच जुबानी जंग तेज हो चली है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है। उनके सामने यहा पर भाजपा से अनिल बलूनी चुनाव मैदान में उतरे हैं।

गणेश गोदियाल ने अनिल बलूनी को खुले मंच पर चर्चा करने तक की चुनौती दे दी है। वहीं अनिल बलूनी के इटली वालों को अपना मानने वाले बयान पर भी गणेश गोदियाल ने जबाव दिया। कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने पूछा कि भाजपा की टिहरी प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह का मायका कहां है? पहले अनिल बलूनी इसका जवाब दें। गणेश गोदियाल ने कहा कि अनिल बलूनी कहते हैं कि वो तू-तू-मैं-मैं की राजनीति में विश्वास नहीं रखते हैं तो एक मंच पर आ जाएं। एक मंच पर आकर अपनी काबिलियत साबित करें, वो खुद इसके लिए तैयार हैं।

इतना ही नहीं गणेश गोदियाल ने चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा का कोई वरिष्ठ नेता एक मंच पर आकर उत्तराखंड के हितों पर उनसे बात करे, अनिल बलूनी तो वैसे भी उनके सामने टिक नहीं पाएंगे।

गणेश गोदियाल ने कहा कि पीएम नरेद्र मोदी ने अंकिता भंडारी की मौत के जिम्मेदार भाजपा नेता के नाम पर चुप्पी क्यों साधी है? वहीं भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के देश के पहले सीडीएस शहीद जनरल बिपिन रावत के गांव जाने के सवाल पर कहा कि उन्हें चुनावों में ही शहीद जनरल बिपिन रावत की याद आई है। दुर्घटना में जब सीडीएस बिपिन रावत शहीद हो गए थे, तब वो परिजनों को सांत्वना देने नहीं पहुंचे थे।

भाजपा ने गोदियाल की डिग्री पर उठाये सवाल

वहीं भाजपा चारों तरफ से गणेश गोदियाल को घेरने की रणनीति बनाई है। इस बार भाजपा ने गणेश गोदियाल की डिग्री पर भी सवाल उठाये हैं। भाजपा के नेता रविंद्र जुगरान ने गणेश गोदियाल के हलफनामे का हवाला देते हुए कहा कि उनके द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उन्होंने दसवीं 1982 में मुंबई से की थी। उसके तकरीबन 20 साल बाद उन्होंने तब 12वीं करने की याद आई। जब वह उत्तराखंड में साल 2002 में कांग्रेस के टिकट से विधायक बन गए और उसके बाद उन्होंने 2003 में पौड़ी के दूरस्थ इंटर कॉलेज से 12वीं पास की। यही नहीं इसके बाद उन्होंने 2007 में ऐसे कॉलेज से ग्रेजुएशन किया जो कॉलेज खुद उनके द्वारा संचालित किया जा रहा था, जहां वो सर्वे सर्वा थे। भाजपा का आरोप है कि गणेश गोदियाल के इस शैक्षिक सफर को देखते हुए उन्हें संदेह होता है।

कांग्रेस का क्या है जवाब

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि गणेश गोदियाल की शैक्षिक योग्यता पर सवाल उठाने से पहले भाजपा स्वयं अपने को देख ले। कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने कहा कि गणेश गोदियाल पहाड़ के लाल हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी बौखलाहट में ऐसे बयान दे रही है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com