प्रधानमंत्री से पहले सपा कार्यकर्ताओं ने किया पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का सांकेतिक उद्घाटन, अखिलेश यादव ने शेयर की तस्वीरें

4df588a86230fb96549ef06a07c85b12_342_660

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज उद्घाटन से पहले समाजावादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का सांकेतिक उद्घाटन कर दिया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसकी तस्वीरें ट्विटर पर शेयर की हैं।

अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के काम का श्रेय लेने का आरोप लगाते हुए ट्वीट किया है, ‘फ़ीता आया लखनऊ से और नयी दिल्ली से कैंची आई, सपा के काम का श्रेय लेने को मची है ‘खिचम-खिंचाई’। आशा है अब तक अकेले में बैठकर लखनऊवालों ने ‘समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे’ की लंबाई का आँकड़ा रट लिया होगा। सपा ‘बहुरंगी पुष्पवर्षा’ से इसका उद्घाटन करके एकरंगी सोचवालों को जवाब देगी।’

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर को लगभग 22,500 करोड़ रुपए की लागत से बने करीब 341 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का सुल्तानपुर में लोकार्पण करेंगे।

इससे पहले सोमवार को अखिलेश यादव ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर प्रश्न खड़े किए थे और उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ सरकार पर लागत कम करने के लिए गुणवत्ता से समझौता करने का आरोप लगाया था। उन्होंने गाजीपुर जिला प्रशासन द्वारा एक्सप्रेस वे पर चलने की अनुमति नहीं दिए जाने पर मंगलवार को सपा द्वारा फूल चढ़ाकर सांकेतिक रूप से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन का ऐलान भी किया था। यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, ‘जिस गुणवत्ता के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बनना चाहिए था, उसमें समझौता किया गया है। इसे उस गुणवत्ता के साथ नहीं बनाया गया है। अभी बरसात हुई थी उसमें इसकी गुणवत्ता की कलई खुल गई है। पता नहीं भाजपा ने कौन से मिलावट की है कि यदि आपने एक्सप्रेस-वे पर अपनी रफ्तार बढ़ा दी तो हो सकता है आपको कमर दर्द और पेट दर्द हो जाए।’

ये समाचार भी पढ़ें :