गायों के पीछे दौड़ रही योगी की ‘एनकाउंटर’ पुलिस, ये है माजरा

0
UP

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के आदेश के बाद शहरों में बेसहारा गायों के दिन फिर गए हैं. अमेठी में डीएम और एसपी गायों की तलाश में सड़कों पर दौड़ लगाते देखे गए. हालत ये है कि अब गायों की धरपकड़ में पुलिस तैनात कर दी गई है. बता दें कि योगी सरकार ने सूबे के सभी जिलाधिकारियों को 10 जनवरी के भीतर बेसहारा घूम रही गायों और बैलों के सुरक्षित इंतजाम का लक्ष्य दिया है.

इस दौरान गायों ने पुलिस वालों और दूसरे विभागों के कर्मचारियों को खूब छकाया. कड़ी मशक्कत के बाद आखिकार कुछ कामयाबी हाथ लगी. कुछ पशुओं को पकड़ लिया गया. डीएम और एसपी ने अपनी मौजूदगी में गायों को वाहनों में डालने का काम पूरा कराया.

अमेठी की डीएम शकुंतला गौतम ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और पशु विभाग की संयुक्त टीम ने जो सड़कों पर पशुपालकों द्वारा बेसहारा पशु छोड़ दिए गए थे, उन्हें पकड़ कर गोशाला में भेजा गया.

उधर अलीगढ़ जिले में पुलिस वालों ने स्वेच्छा से गाय को गोद लेने की पहल की है. सड़कों पर घूम रही गायों को पकड़कर थाने लाया गया. इतना ही नहीं जिले के लेखपाल ने एक दिन का वेतन भी गाय फंड में दिया है. अलीगढ़ के डीएम दूसरे कर्मचारियों से भी ऐसा ही करने की अपील कर रहे हैं.

बता दें कि उत्तर प्रदेश में इन दिनों अफसरों की टीम गायों की धरपकड़ में लगी है. हालांकि पशु मालिकों पर भी नकेल कसने की तैयारी है. पशु मालिकों को नोटिस भी जारी किया जा रहा है. उनसे पशुओं को अपने घर पर ही रखने को कहा गया है.  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *