...

बांग्लादेश में फिर गहराया राजनीतिक संकट,अवामी लीग ने किया दो दिन देश बंद का एलान; सरकार के सामने रखीं 8 शर्तें

0
54b12ec6-c97b-4f87-b61b-e987aa782307

शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की खबर के बाद बढ़ी सियासी हलचल, 27 और 28 नवंबर को लॉकडाउन के फैसले से देश में तनाव बढ़ने के आसार।

खबर: बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर उथल-पुथल तेज हो गई है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी को लेकर सामने आए बयान के बाद उनकी पार्टी अवामी लीग ने बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की है। इसके साथ ही मौजूदा सरकार के सामने आठ मांगें रखकर राजनीतिक दबाव बढ़ा दिया है। अवामी लीग के प्रवक्ता सैयद मुज्जमिल अली ने रॉयटर्स को बताया कि शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी। यह दिन देश के मुक्ति संग्राम में जीत की वर्षगांठ के तौर पर मनाया जाता है। इस घोषणा के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है।

गोपालगंज में बढ़ा तनाव, दुकानों को बनाया निशाना

शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में भी हालात तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं। यहां अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमले की खबर सामने आई है। इसके अलावा मंगलवार को करीब 12 दुकानों में तोड़फोड़ की गई। इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।

इन आठ मुद्दों पर सरकार को घेर रही अवामी लीग

पार्टी ने शेख हसीना और उसके नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने, अवामी लीग पर लगा प्रतिबंध हटाने और जेल में बंद नेताओं की रिहाई की मांग की है। अन्य मांगों में महंगाई पर लगाम, बिजली-गैस और ईंधन की कीमतों में कमी, बेरोजगारों को रोजगार, बंद उद्योगों को दोबारा चालू करना और नागरिकों की सुरक्षा शामिल हैं। इसके अलावा महिलाओं और अल्पसंख्यकों की रक्षा, पत्रकारों की स्वतंत्रता तथा उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।

राजनीतिक घटनाक्रम पर देश की नजर

बांग्लादेश में बढ़ते तनाव के बीच जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर्रहमान भी अपना ऑस्ट्रेलिया-मलेशिया दौरा अधूरा छोड़कर ढाका लौट रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में राजनीतिक स्थिति किस दिशा में जाएगी, इस पर सभी की नजर बनी हुई है। खास तौर पर 27 और 28 नवंबर के लॉकडाउन को लेकर सरकार की प्रतिक्रिया अहम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :