त्रिस्तरीय पंचायत चुनावः अवैध वसूली की शिकायत पर कर्मचारियों को नोटिस

0
panchya

देहरादून। जौनपुर विकासखंड के रिटर्निंग अधिकारी ने नोटिस जारी किया है। पंचायत चुनाव में अदेय प्रमाणपत्र जारी करने हेतु तय शुल्क से अधिक वसूली करने की शिकायत को निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) लोकेश वशिष्ठ ने गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत के कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। जारी किए गए नोटिस के अनुसार जन सामान्य द्वारा जिला पंचायत के कर्मचारियों द्वारा उन्हें तय शुल्क से अधिक वसूली की शिकायत की गई थी। जिसके कारण संबंधित कर्मचारियों से यह स्पष्टीकरण मांगा गया है।

उन्होंने जिला पंचायत के संबंधित कर्मचारियों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण का जवाब देने को कहा है। विकासखंड जौनपुर के रिटर्निग ऑफिसर लोकेश वशिष्ठ ने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष कराना उनका दायित्व है। चुनाव से जुड़ी जन शिकायतों का निवारण नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने नामांकन स्थल पर उचित व्यवस्था बनाए जाने के लिए थानाध्यक्ष को पत्र लिखकर अतिरिक्त पुलिसकर्मी उपलब्ध कराए जाने को कहा है ताकि चुनाव प्रक्रिया निर्बाध संपन्न की जा सके।

उल्लेखनीय है कि जौनपुर विकासखंड में नामांकन के पहले दिन कुछ स्थानीय लोगों द्वारा जिला पंचायत के कर्मचारियों की शिकायत कर कहा था कि उनके द्वारा नामांकन करने वाले अधिकारियों से अदेय प्रमाणपत्र जारी किए जाने की एवज में अतिरिक धनराशि की मांग की जा रही है। हालांकि रिटर्निंग अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद व्यवस्था में सुधार कर लिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *