फिरोजपुर ट्रिपल मर्डर: खौफनाक सीसीटीवी वीडियो वायरल, शादी की तैयारी में जुटे परिवार पर अंधाधुंध फायरिंग
गुरुद्वारा के पास मोटरसाइकिल सवारों ने कार में सवार परिवार पर बरसाईं गोलियां, पुरानी रंजिश में हुई वारदात ने पंजाब को झकझोरा। फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर में मंगलवार को गुरुद्वारा श्री अकालगढ़ साहिब के पास एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 9 हथियारबंद युवकों ने कार में सवार एक ही परिवार के पांच सदस्यों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में जसप्रीत कौर (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दिलप्रीत सिंह और आकाशदीप सिंह ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
शादी से पहले मातम में बदला माहौल
मृतका जसप्रीत कौर की शादी 27 अक्तूबर को होने वाली थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। यह घटना मंगलवार दोपहर 12 बजे हुई, जब परिवार गुरुद्वारा में माथा टेकने के बाद लौट रहा था।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे हमलावरों ने पहले से योजना बनाकर कार को घेरा और अंधाधुंध फायरिंग की। जैसे ही कार मुड़ी, हमलावरों ने पीछा कर गोलियों की बारिश कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
थाना सिटी फिरोजपुर पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें 8 नामजद और 3 अज्ञात हैं। घटना की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है। डीआईजी फिरोजपुर रेंज अजय मलूजा ने कहा कि यह मामला पुरानी रंजिश का है। मृतक दिलप्रीत सिंह के खिलाफ पहले भी हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज थे।
रंजिश का एंगल
परिवार ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि इस हमले के पीछे आशीष चोपड़ा और हैप्पी मल्ल का हाथ है। इन दोनों का दिलप्रीत सिंह के साथ पुराना झगड़ा था।
पुलिस का दावा
पुलिस ने घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
