Punjab पर फिर बरसी Kangana Ranaut, हिमाचल के बच्चों को दी चेतावनी, बोलीं- “इनसे कुछ नहीं सीखना”
कंगना ने नशे और हिंसा का जिक्र करते हुए बिना नाम लिए पंजाब को ठहराया जिम्मेदार, हिमाचल के युवाओं को दूर रहने की दी सलाह। पंजाब डेस्क: बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने एक बार फिर अपने विवादित बयान से बवाल खड़ा कर दिया है। हिमाचल प्रदेश में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कंगना ने हिमाचल में बढ़ रहे नशे के लिए नाम लिए बिना पंजाब को जिम्मेदार ठहराया।
कंगना ने संबोधन में कहा, “हमारे आस-पास के राज्यों से नई चीजें यहां आने लग जाती हैं, चाहे चिट्टा हो, उग्रता हो या कुछ और। आपको पता ही है कि मैं किस राज्य की बात कर रही हूं। इनका स्वभाव गर्म होता है और ये हुल्लड़बाज होते हैं। ये नशा करते हैं, शराब पीते हैं और हंगामा करते हैं।”
कंगना ने आगे हिमाचल के युवाओं से अपील की, “हमने इनसे कुछ नहीं सीखना। इन्होंने हमारी जवानी बर्बाद कर दी है। मैं हिमाचल के बच्चों से कहना चाहती हूं कि इनका प्रभाव अपने जीवन पर ना पड़ने दें।”
इस बयान के बाद कंगना को सोशल मीडिया पर भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब से कई नेताओं और हस्तियों ने उनके इस बयान की निंदा की है।
