आठवीं बार राजधानी से बाहर उत्तराखंड कैबिनेट बैठक आयोजित करने की तैयारी

0
uttrakhand
भराड़ीसैंण के बाद अब मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत राजधानी से बाहर एक और कैबिनेट बैठक करने जा रहे हैं। साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने टिहरी झील के किनारे कैबिनेट बुलाने का फैसला किया है। ऐसा आठवीं बार है जब प्रदेश सरकार राजधानी से बाहर कैबिनेट की बैठक करेगी। हालांकि अभी बैठक को लेकर तिथि निर्धारित नहीं हुआ है। लेकिन टिहरी महोत्सव से पहले कैबिनेट वहां पहुंचेगी।

निशंक ने की थी शुरुआत
प्रदेश में राजधानी से बाहर कैबिनेट बैठक करने की शुरुआत वर्ष 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की थी। उन्होंने हरिद्वार में हर की पैड़ी पर कैबिनेट की बैठक का आयोजन किया था।

बहुगुणा कैबिनेट गैरसैंण में बैठी
राजधानी से बाहर दूसरी बार कैबिनेट की बैठक गैरसैंण में हुई। वर्ष 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा मंत्रिमंडल को लेकर गैरसैंण पहुंचे जहां हुई बैठक में एक अलग विधानसभा भवन बनाने का निर्णय लिया गया।

हरीश रावत सबसे आगे निकल गए
दूसरे स्थानों पर कैबिनेट की बैठकें करने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सबसे आगे निकल गए। उन्होंने वर्ष 2014 में अल्मोड़ा में कैबिनेट की बैठक की। वह कैबिनेट को लेकर केदारनाथ पहुंच गए, जहां बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। उन्होंने हरिद्वार जनपद के चुड़ियाला में भी कैबिनेट की बैठक की।

…तो त्रिवेंद्र तोड़ेंगे हरीश का रिकार्ड
ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत राजधानी से बाहर कैबिनेट बैठक करने का हरीश रावत का रिकार्ड तोड़ देंगे। वह भराड़ीसैंण में दो कैबिनेट बैठकें कर चुके हैं और अब टिहरी में कैबिनेट बैठक करने की उनकी घोषणा जाहिर कर रही है कि उन्हें राजधानी से बाहर जाने में कोई दिक्कत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *