नोएडा में अब घर बैठे करें पुलिस से शिकायत, वर्चुअल मीटिंग सिस्टम लागू

dial-100_121516064341

कोरोना संकट के बीच उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने अफसरों के साथ ही आम लोगों को भी घर बैठे अपनी शिकायत और सुझाव साझा करने की सुविधा दी है. उन्होंने सोमवार को वर्चुअल मीटिंग सिस्टम की शुरुआत की. इसके तहत फरियादी भी हर रोज 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपनी बात या शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने बताया कि कोरोना संकट के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं. आने-जाने में कोविड-19 के संक्रमण का खतरा बना रहता है. यह खतरा अफसरों के साथ ही आम आदमी को भी है. ऐसे में लोग अपनी शिकायतें और सुझाव साझा नहीं कर पा रहे हैं. इस समस्या के समाधान के लिए सोमवार को गौतमबुद्ध नगर में वर्चुअल मीटिंग सिस्टम की शुरुआत की गई.

पुलिस आयुक्त ने बताया कि जनपद के थानों पर आने वाले फरियादी दिन के 11 से दोपहर 12 बजे तक संबंधित अधिकारियों के समक्ष वर्चुअल मोड से मीटिंग कर अपनी बात या शिकायत दर्ज करा सकते हैं. इसके साथ ही स्कैनर की सहायता से दस्तावेज या शिकायत पत्र आदि भी ऑनलाइन जमा किए जा सकेंगे. उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी भी आपस मे वर्चुअल मीटिंग कर सकेंगे.

पुलिस आयुक्त ने थाना फेस 3 और थाना रबूपुरा में आए फरियादियों से वर्चुअल जनसुनवाई भी की. इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्रीपर्णा गांगुली, अपर पुलिस आयुक्त लॉ एंड आर्डर अखिलेश मीणा व जनपद में नियुक्त अन्य अधिकारी वर्चुअल मोड के माध्यम से मीटिंग में उपस्थित रहे.

ये समाचार भी पढ़ें :