भारत के इन हिस्सों में जल्द दस्तक देने को तैयार मानसून, गर्मी से मिलेगी राहत
बेसब्री से मानसूनी बारिश का इंतजार कर रहे लोगों का सब्र अब टूटने ही वाला है। उत्तरी भारत में मानसून दस्तक देने वाला है, जिससे आसमान की ओर टकटकी लगाए देख रहे किसानों को काफी राहत मिलेगी। दक्षिण-पश्चिम मानसून 24-25 जून तक इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए तैयार है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के अधिक भागों में मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं।

हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों और राजस्थान के कुछ हिस्से में और 48 घंटों के दौरान परिस्थितियां अनुकूल होंगी। पंजाब और हरियाणा में मंगलवार को कुछ स्थानों पर, बुधवार को अधिकांश स्थानों पर और गुरुवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बारिश के कारण उत्तर पंजाब से लेकर उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी से लेकर हरियाणा, दक्षिण उत्तर प्रदेश, झारखंड और उत्तरी तटीय ओडिशा तक में अगले 2-3 दिन में तापमान में कोई बड़ी वृद्धि नहीं होगी।
लखनऊ में बारिश के आसार
पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है। रविवार शाम से सोमवार सुबह तक पूर्वांचल कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार 23 जून को भी पूर्वी हिस्सों में कई जगहों पर भारी बारिश होगी। बुधवार और गुरुवार को पूरे राज्य में बारिश होने के आसार जताए गए हैं। इस दरम्यान कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम निदेशक जेपी गुप्त के अनुसार अगले 48 घंटों में मानसून पूरे उत्तर प्रदेश में आ जाएगा। लखनऊ और आसपास के इलाकों में मंगलवार को मानसून के मेहरबान होने के पूरे आसार बन गए हैं।
आज उत्तराखंड में एंट्री करेगा मानसून
उत्तराखंड में मंगलवार को मानसून के पहुंचने की संभावना है। कुमाऊं मंडल में पहले मानसून पहुंचेगा और इसके एक-दो दिन बाद पूरे प्रदेश में मानसून पहुंच जाएगा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 24 और 25 जून को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। जबकि देहरादून सहित कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
