नजफगढ़ का स्वास्थ्य केंद्र बनेगा 230 बेड का अस्पताल, मरीजों को मिलेंगी नई सुविधाएं
जेपी नड्डा ने विकास कार्यों की समीक्षा की, 2027 में सीटी स्कैन और एक्स-रे सुविधा शुरू करने की तैयारी
नई दिल्ली। दिल्ली के नजफगढ़ स्थित ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (आरएचटीसी) को बड़े अस्पताल के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने संस्थान की प्रगति और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए इसके विस्तार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली। केंद्र को 230 बिस्तरों वाले अस्पताल में अपग्रेड किया जा रहा है। इससे मरीजों को बेहतर उपचार के साथ आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता साफ होगा। समीक्षा के दौरान अस्पताल में अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाओं का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। इस अवधि में 10 विशेषज्ञताओं की ओपीडी में कुल 94,927 मरीजों का इलाज किया गया, जबकि 35,985 मरीजों को आपातकालीन सेवाएं मिलीं। इसके अलावा 198 मरीजों को भर्ती किया गया और अस्पताल में कुल 691 सर्जरी की गईं। इनमें 101 बड़ी और 590 छोटी सर्जरी शामिल हैं। अस्पताल में प्रसव कक्ष, 350 से अधिक दवाओं वाली फार्मेसी, आयुर्वेदिक और दंत चिकित्सा क्लीनिक भी संचालित हैं। इसके साथ ही रेबीज और सर्पदंश के मरीजों के उपचार की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
आधुनिक जांच सुविधाओं का होगा विस्तार
अस्पताल में जांच व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई सुविधाएं शुरू की गई हैं। यहां अल्ट्रासाउंड सेवा 24 अक्टूबर 2026 से संचालित है और अब तक 148 जांचें हो चुकी हैं। संस्थान की प्रयोगशाला को एनएबीएल मान्यता प्राप्त है। इसके अलावा फिजियोथेरेपी और श्रवण जांच की सुविधा भी उपलब्ध है। आगामी योजना के तहत जनवरी 2027 तक ब्लड स्टोरेज यूनिट और शवगृह शुरू करने का लक्ष्य है। वहीं, सीटी स्कैन और एक्स-रे की सुविधा 2027 की पहली तिमाही में शुरू करने की तैयारी है।
छह नए विशेष क्लीनिक खोलने की तैयारी
मरीजों को अलग-अलग बीमारियों के लिए बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिसंबर 2026 तक छह तरह के विशेष क्लीनिक शुरू करने की योजना है। इनमें थैलेसीमिया, नशामुक्ति, किशोर स्वास्थ्य, यौन रोग, रूमेटोलॉजी और गैर-संचारी रोगों से संबंधित क्लीनिक शामिल हैं। इसके अलावा पारिवारिक चिकित्सा और आपातकालीन चिकित्सा के लिए अलग शिक्षण विभाग स्थापित किए जाएंगे। इन्हें 2027 की पहली तिमाही के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नर्सिंग शिक्षा और गुणवत्ता सुधार पर भी फोकस
आरएचटीसी में चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है। एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय का नवीनीकरण किया गया है, जहां हर साल 44 विद्यार्थियों को दो वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जा सकता है। विद्यार्थियों के लिए 60 बिस्तरों वाला छात्रावास भी उपलब्ध है। संस्थान के तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत सुधार कार्य किए जा रहे हैं। निर्धारित 129 कार्यों में से 105 पूरे हो चुके हैं, जबकि 24 पर काम जारी है। दिसंबर 2026 तक राज्य स्तरीय मूल्यांकन और प्रमाणन का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद फरवरी 2027 से राष्ट्रीय स्तर का मूल्यांकन प्रस्तावित है।
बीएससी नर्सिंग कॉलेज खोलने की भी योजना
संस्थान की दीर्घकालिक विकास योजना में बीएससी नर्सिंग कॉलेज, संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान महाविद्यालय और छात्रावास विकसित करना शामिल है। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रशिक्षण की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। गौरतलब है कि वर्ष 1937 में स्थापित आरएचटीसी नजफगढ़ लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं और सामुदायिक चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान दे रहा है। यह संस्थान नजफगढ़, उजवा और पालम के तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से आसपास की आबादी को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराता है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संबंधित विभागों के सहयोग से इसे मरीजों के उपचार, चिकित्सा शिक्षा और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जाएगा।
