...

उत्तराखंड में मतदाता बनने का फिर खुला रास्ता, 11 दिसंबर तक जमा करें फॉर्म

0
images

वोटर लिस्ट में नाम छूटने पर न हों परेशान, नए पंजीकरण से लेकर गलतियों में सुधार तक का मिलेगा मौका

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए निर्वाचन विभाग ने एक और अवसर दिया है। विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण (SSR) के तहत अब पात्र नागरिक 11 दिसंबर तक वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस अभियान में नए मतदाता बनने के साथ ही पहले से दर्ज जानकारियों में बदलाव कराने की सुविधा भी दी गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में गुरुवार से एसएसआर के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इससे पहले एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 से 20 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान एक लाख से अधिक लोगों ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 जमा किया था। जांच के बाद बड़ी संख्या में पात्र लोगों के नाम सूची में शामिल किए गए हैं।

18 साल पूरे करने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन

इस बार उन युवाओं के लिए भी पंजीकरण का अवसर है, जो एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे। ऐसे युवा भी नए मतदाता के तौर पर अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिन नागरिकों का नाम जारी ड्राफ्ट सूची में नहीं है, वे भी निर्धारित समय के भीतर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

अलग-अलग काम के लिए अलग फॉर्म

निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची से जुड़े कार्यों के लिए अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए हैं। नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। किसी मतदाता का नाम सूची से हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाएगा। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपने क्षेत्र के बीएलओ के जरिए भी आवेदन जमा करने की व्यवस्था की गई है।

जनवरी में सामने आएगी अंतिम मतदाता सूची

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 11 दिसंबर तक प्राप्त होने वाले सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास ने बताया कि लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से इस प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं।

बद्रीपुर में बढ़े 78 मतदाता, नया मतदान केंद्र बना

पुनरीक्षण अभियान के बाद प्रदेश के कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के बद्रीपुर मतदान स्थल पर पहले 941 मतदाता थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 1019 हो गई है। बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए जागृति विद्यालय में नया मतदान केंद्र बनाया गया है। निर्वाचन विभाग की इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट करना और सभी पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार उपलब्ध कराना है। ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक अपना नाम दर्ज नहीं कराया है, उनके पास 11 दिसंबर तक आवेदन करने का अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :