भगवानपुर में गो तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक आरोपी के पैर में लगी गोली
गोकशी की सूचना पर आम के बाग में पहुंची पुलिस टीम, फायरिंग के बाद एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा साथी कालू फरार
हरिद्वार। भगवानपुर क्षेत्र में गो तस्करी के आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम का मंगलवार देर रात बदमाशों से आमना-सामना हो गया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
गोकशी की तैयारी की मिली थी सूचना
भगवानपुर कोतवाली पुलिस मंगलवार देर रात इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि सिकरोड़ा गांव के नजदीक एक आम के बाग में गोकशी की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, छोटू नाम का आरोपी अपने साथी कालू के आने का इंतजार कर रहा था। दोनों की योजना साथी के पहुंचने के बाद गोकशी की घटना को अंजाम देने की थी। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के चलते उनकी योजना पूरी नहीं हो सकी।
पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
घेराबंदी के दौरान आरोपी का पुलिस टीम से सामना हो गया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया और अस्पताल पहुंचाया। पकड़े गए आरोपी की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद (36 वर्ष), निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है।
फरार साथी को पकड़ने के लिए दबिश
मुठभेड़ के दौरान छोटू का साथी कालू मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक मामलों और गो तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।
एसपी देहात ने बताया पूरा घटनाक्रम
एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई में गो तस्करी का एक आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ है। उसके फरार साथी की तलाश जारी है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
