...

शाही शादी के बीच अनंत सिंह का ड्राइवर पर फूटा गुस्सा, लात मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर छाया

0
89d8b8f5-aae0-438c-8e52-1596fe4f4553

बेटी शिवांगी की शादी के दौरान का बताया जा रहा वीडियो वायरल, खुली गाड़ी में गमछा लहराते समय चालक पर भड़कते नजर आए मोकामा विधायक।

बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। उनकी बेटी की शाही शादी से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कथित तौर पर अपने ड्राइवर पर गुस्सा करते और पैर से मारते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोग घटना की वजह जानना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 25 नवंबर को हुई उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शादी के दौरान का है। समारोह में अनंत सिंह खुली गाड़ी में सवार होकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे। उनके हाथ में गमछा था, जिसे वह लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच अचानक वह चालक की ओर पैर उठाते और उसे डांटते नजर आते हैं।

किस बात पर नाराज हुए विधायक?

वीडियो में अनंत सिंह का बदला हुआ अंदाज साफ दिखाई देता है। वह गमछा लहराते हुए लोगों का अभिवादन कर रहे होते हैं, तभी उनका ध्यान ड्राइवर की तरफ जाता है। इसके बाद वह कथित तौर पर उसे लात मारते और फटकार लगाते दिखते हैं। हालांकि, अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि चालक से उनकी नाराजगी किस बात को लेकर थी। वीडियो में दिखाई देने वाली घटना की पूरी परिस्थितियां भी स्पष्ट नहीं हैं।

25 नवंबर को हुई थी बेटी की शादी

अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह का विवाह 25 नवंबर को बिहटा के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार के साथ हुआ था। शादी समारोह को भव्य अंदाज में आयोजित किया गया था। इसमें कई राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया था। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई चर्चित चेहरे समारोह में शामिल हुए थे। शादी में शानदार पंडाल, भव्य भोज और घुड़दौड़ आकर्षण का केंद्र रहे।

शादी की चर्चा के बीच वायरल हुआ वीडियो

शिवांगी सिंह की शादी और विदाई की तस्वीरें अभी सोशल मीडिया पर चर्चा में थीं। इसी बीच अनंत सिंह का ड्राइवर के साथ कथित विवाद वाला वीडियो सामने आ गया। अब शादी की भव्यता से ज्यादा इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :