कॉर्बेट के ढिकाला जोन में 21 दिसंबर तक नाइट स्टे की बुकिंग फुल, 7 नवंबर को खुलेगी अगली बुकिंग

0
images 11

रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के सबसे लोकप्रिय ढिकाला पर्यटन जोन में पर्यटकों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। 15 नवंबर 2026 से पर्यटकों के लिए खुलने जा रहे ढिकाला जोन में रात्रि विश्राम के लिए 21 दिसंबर तक की सभी उपलब्ध बुकिंग फुल हो चुकी हैं। ऑनलाइन बुकिंग शुरू होते ही पर्यटकों ने कमरों की बुकिंग के लिए तेजी दिखाई और दोनों स्लॉट के सभी कमरे पहले ही दिन बुक हो गए।

ढिकाला जोन में रात्रि विश्राम के लिए पहला ऑनलाइन बुकिंग स्लॉट 4 अक्टूबर को खोला गया था। इसमें 15 नवंबर से 21 नवंबर तक के लिए आरक्षण किया जाना था। बुकिंग शुरू होते ही इस अवधि के सभी उपलब्ध कमरे बुक हो गए। इसके बाद 8 अक्टूबर को दूसरे स्लॉट की बुकिंग शुरू हुई, जिसमें 22 नवंबर से 21 दिसंबर तक के लिए आरक्षण किया गया। इस दौरान भी पहले ही दिन सभी कमरे बुक हो गए।

जंगल के बीच रात्रि विश्राम पर्यटकों की पहली पसंद

ढिकाला जोन अपनी विशाल घासभूमियों, घने जंगलों, रामगंगा नदी और बाघ समेत अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी के लिए प्रसिद्ध है। यहां जंगल के भीतर बने विश्राम गृहों में रात बिताने का अनुभव पर्यटकों को खासा आकर्षित करता है। यही वजह है कि हर साल मानसून के बाद जोन खुलने से पहले ही रात्रि विश्राम के लिए बुकिंग की मांग बढ़ जाती है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक साकेत बडोला के अनुसार, ढिकाला जोन में रेस्ट हाउसों में ठहरने के लिए नियमानुसार यात्रा की तारीख से 45 दिन पहले ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इस बार भी बुकिंग शुरू होते ही पर्यटकों ने उत्साह दिखाया और 21 दिसंबर तक की उपलब्ध बुकिंग पूरी हो गई।

कॉर्बेट के अन्य जोनों में भी रात्रि विश्राम की सुविधा

ढिकाला के अलावा कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अन्य पर्यटन जोनों में भी रात्रि विश्राम की सुविधा उपलब्ध है। ढिकाला परिसर में करीब 30 कमरे और 12 डॉरमेट्री बेड हैं। वहीं गैरल परिसर में छह कमरे और आठ डॉरमेट्री बेड उपलब्ध हैं। इसके अलावा सुल्तान और मलानी में दो-दो कमरे हैं। बिजरानी में सात, ढेला में दो, झिरना में चार, पाखरो में दो और सोनानदी क्षेत्र में भी दो कमरे पर्यटकों के लिए उपलब्ध हैं। मानसून के दौरान 15 जून के बाद जंगल के भीतर स्थित रेस्ट हाउसों में रात्रि विश्राम की सुविधा बंद कर दी जाती है। नए पर्यटन सत्र की शुरुआत के साथ पर्यटक एक बार फिर जंगल के प्राकृतिक वातावरण में ठहरने और वन्यजीवों को करीब से देखने का अनुभव ले सकेंगे।

7 नवंबर को खुलेगी अगली बुकिंग

ढिकाला जोन में 21 दिसंबर तक की बुकिंग फुल होने के बाद अब पर्यटकों की नजर अगले बुकिंग स्लॉट पर है। अगली बुकिंग 7 नवंबर 2026 को खुलने की जानकारी दी गई है। पर्यटक रेस्ट हाउस में ठहरने के लिए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की आधिकारिक वेबसाइट www.corbettgov.org पर ऑनलाइन आरक्षण करा सकते हैं। हालांकि, बुकिंग उपलब्धता पर निर्भर करेगी। कॉर्बेट प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे रेस्ट हाउस और सफारी की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही कराएं, ताकि अनधिकृत वेबसाइटों और एजेंटों के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचा जा सके। ढिकाला जोन में बुकिंग की तेज रफ्तार से रामनगर के पर्यटन कारोबार को भी नए सत्र में गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :