शेख अबू बकर अहमद के बयान पर सीएम धामी का पलटवार, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

0
1200-675-27547484-thumbnail-16x9-kjkj

देहरादून: केरलम में ग्रैंड मुफ्ती शेख अबू बकर अहमद की ओर से महिलाओं को लेकर जो बयान दिया गया है, उस पर राजनीति भी शुरू हो गई है. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अबू बकर अहमद के बयान की निंदा की है. सीएम धामी ने अबू बकर अहमद के बयान को बहुत ही निम्न कोटि का बताया है. अबू बकर अहमद के बयान पर सीएण धामी ने कांग्रेस और विशेष तौर पर राहुल गांधी को भी घेरा है.

जानिए क्या बोला था अबू बकर अहमद ने: दरअसल, कुछ दिन पहले कोच्चि में आयोजित ‘हुब्बुल रसूल सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए अबू बकर अहमद ने कहा था कि महिलाओं को अपने घरों तक ही सीमित रहना चाहिए और बाहर नहीं निकलना चाहिए. क्योंकि उनको सार्वजनिक क्षेत्र में लाने से भारी विनाश हो सकता है, जिसकी निंदा करते हुए सीएम ने कहा कि ये बहुत ही निम्न कोटि का बयान है.

राहुल गांधी पर साधा निशाना: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और शास्त्रों में नारी को देवी के समान माना गया है. साथ ही ये भी लिखा है कि जहां नारियों का सम्मान और उनकी पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है. इसी के साथ सीएम धामी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि

कांग्रेस पार्टी के युवराज राहुल गांधी जो समय-सय पर मनुस्मृति की बात करते है. कभी सनातन के खिलाफ काफी बोलते है. हमेशा हर तरीके से सनातन को नुकसान पहुंचाने का काम करते हैं. कभी उनकी पार्टी के लोग सनातन डेंगू, वायरल फीवर और मलेरिया बताते हैं, लेकिन उस पर कोई स्पष्टीकरण नहीं होता है.
-पुष्कर सिंह धामी, सीएम, उत्तराखंड-

जिहादी और उन्मादी नारे पर कुछ नहीं बोलते राहुल गांधी: सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में भी लोग जिहादी और उन्मादी नारे लगाते हैं. उसके विरोध में हिंदू धर्म के लोगों को आपस में बांटने का कूटरचित संयंत्र अपने वोटों के लिए लगातार करते हैं. रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर कुछ लोग उन्मादी नारे लगाते हैं, उन्मादी भाषण देते हैं. ऐसे लोगों के बारे में कांग्रेस या राहुल गांधी का कोई वक्तव्य नहीं आता है.

एक वर्ग को खुश करने के लिए भाषण देते हैं राहुल गांधी: सीएम धामी ने कहा कि अक्सर राहुल गांधी मंचों से महिलाओं के उत्थान को लेकर तमाम भाषण देते हैं, लेकिन वो ये भाषण सिर्फ एक वर्ग को खुश करने के लिए देते हैं. अगर ऐसा नहीं होता हो तो राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मुफ्ती शेख अबू बकर अहमद की महिलाओं पर की गई टिप्पणी का विरोध करते. उस बयान के खिलाफ बोलते. राहुल गांधी को बोलना चाहिए था कि ये बयान ठीक नहीं है. बीजेपी अबू बकर अहमद के बयान का समर्थन नहीं करती है.

चाय ग्लास बयान पर भी दी प्रतिक्रिया: सीएम धामी ने राहुल गांधी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि चाय की दुकान पर दो ग्लास होते हैं, जिसमें से एक डिस्पोजल गिलास विशेष वर्ग के लिए होता है. इस पर सीएम धामी ने कहा कि वो भी देश में कही जगहों पर गए हैं, जहां कोई भी दुकानदार किसी व्यक्ति की जाति और नाम पूछकर तो गिलास नहीं देता है.

जनता ने छीन लिया कांग्रेस का धरातल: सीएम धामी का कहना है कि इस तरह की बातें सिर्फ वोटों के लिए हो रही हैं, जबकि वोटों के लिए काम करना होता है. अगर कांग्रेस ने लोगों के लिए काम किया तो देश की जनता उन्हें 100-100 बार नहीं हराती. अब राहुल गांधी इस तरह की बात कर रहे हैं, जिनका धरातल से कोई लेना देना नहीं है. इसीलिए जनता से कांग्रेस का धरातल ही छीन लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *