पैलेट गन से घायल छात्र को लेकर थाने पहुंचे राहुल गांधी, FIR की मांग पर DCP ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल के मुद्दे पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। उनके साथ प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए छात्र साहिल लोचव भी मौजूद थे। राहुल गांधी ने मामले में कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की।
राहुल गांधी DCP कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और सलमान खुर्शीद भी वहां पहुंचे। राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस से जांच की प्रगति और अब तक की कार्रवाई की जानकारी मांगी।
राहुल गांधी ने कहा कि जब तक मामले में FIR दर्ज नहीं होती, वह वहां से नहीं हटेंगे। कांग्रेस का आरोप है कि घायल छात्र ने 14 अगस्त को अपने वकीलों के साथ दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कथित तौर पर उसे जांच अधिकारी का नंबर या संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया।
कांग्रेस के अनुसार, 17 अगस्त को ईमेल और फोन के जरिए भी मामले को आगे बढ़ाया गया, लेकिन कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। पार्टी का कहना है कि पैलेट गन से घायल छात्र के मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू की जानी चाहिए।
यह मामला 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन से जुड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा पैलेट गन के इस्तेमाल के बाद कई छात्र घायल हुए थे। विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है कि पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश किस स्तर पर दिया गया था।
